मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआइआर की प्रक्रिया जिस तरह अपने शुरुआती दौर से ही कई स्तर पर विवादों के घेरे में रही है, उसके मद्देनजर यह जरूरी है कि इस मसले पर एक ठोस स्पष्टता कायम हो। यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि एक भी पात्र मतदाता वोट देने के हक से वंचित न हो।

विडंबना यह है कि निर्वाचन आयोग की ओर से जब से एसआइआर के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में अभियान चलाया जा रहा है, तभी से इसे लेकर कोई न कोई विवाद उभरते रहे हैं। विपक्षी दलों की ओर से इसकी पारदर्शिता और मंशा पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि अपात्र होने के तर्क पर मतदाता सूची में लोगों के नाम शामिल करने या उससे हटाने के मसले पर अब तक कोई स्पष्टता कायम नहीं हो सकी है। जब भी एसआइआर की किसी खामी पर सवाल उठाए जाते हैं, तो निर्वाचन आयोग की ओर से कोई नया समाधान पेश कर दिया जाता है। जबकि कई मौकों पर आयोग का फरमान कठघरे में पाया गया है।

दरअसल, दिल्ली में एसआइआर के क्रम में ड्राफ्ट सूची से बाहर हुए वैसे मतदाताओं को भी फार्म 6 भरकर नए सिरे से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने को कहा गया, जिनका नाम पहले की सूची में था। जबकि फार्म 6 वैसे लोगों के लिए निर्धारित है, जो पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं। समझना मुश्किल है कि ऐसा करने के पीछे आयोग की क्या मंशा है।

इस मसले पर दाखिल एक याचिका की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आयोग से यह पूछा कि पहले से मतदाता रहे लोगों का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आने पर उनसे फार्म 6 क्यों भरवाया जा रहा है, जबकि यह सिर्फ नए मतदाताओं के लिए है। गौरतलब है कि दिल्ली में हुए एसआइआर के क्रम में जब ड्राफ्ट मतदाता सूची सामने आई, तो उसमें से करीब सैंतालीस लाख लोगों के नाम हटा दिए गए।

इनमें करीब तैंतालीस लाख लोगों को स्थायी रूप से स्थानांतरित या अनुपस्थित और लगभग दो लाख को मृत बताया गया। मगर विचित्र यह है कि जिन लोगों ने गलत तरीके से अपना नाम हटाने के विरुद्ध दावा किया, उनके सामने नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने का विकल्प रखा गया।

सवाल है कि पहले से मतदाता रहे किसी व्यक्ति के सामने नए वोटर के रूप में नाम शामिल किए जाने के बाद अगर भविष्य में तकनीकी रूप से कोई समस्या खड़ी होगी, तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। ड्राफ्ट सूची में नाम न होने के बाद कोई व्यक्ति दस्तावेजों के साथ अपने पहले से मतदाता होने की सूचना देने की कोशिश करे, तो उसे नए मतदाता के रूप में सूचीबद्ध होने के लिए कैसे कहा जा सकता है? नोटिस का जवाब देने में देरी की कई वजहें हो सकती हैं। मगर क्या इसके एवज में व्यक्ति से मतदाता होने का अधिकार हमेशा के लिए छीना जा सकता है? सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने भी इसे ‘संरचनात्मक असंगति’ बताया और इसे दूर करने की जरूरत बताई।

इसके अलावा भी एसआइआर की प्रक्रिया में व्यापक खामियां सामने आ चुकी हैं। पश्चिम बंगाल में अपीलीय न्यायाधिकरणों में दावे के बाद नब्बे फीसद से ज्यादा लोगों के नाम फिर से मतदाता सूची में बहाल किए गए। यह किसकी लापरवाही और गड़बड़ी का नतीजा था? ध्यान रखने की जरूरत है कि महज तकनीकी जटिलताओं में उलझाकर पात्र लोगों के नाम भी मतदाता सूची से बाहर किए गए, तो इससे देश के लोकतंत्र के सामने एक गंभीर चुनौती खड़ी होगी।