Uttarakhand Helicopter Crashed: पिछले कुछ सालों से उत्तराखंड में धार्मिक स्थानों तक पहुंचने या अन्य जगहों पर पर्यटन के क्रम में जिस पैमाने पर हेलिकाप्टर से आवाजाही बढ़ी है, उसी अनुपात में उसके सुरक्षित होने को लेकर एहतियात बरतना जरूरी नहीं समझा जा रहा।
यह बेवजह नहीं है कि अक्सर वहां से हेलिकाप्टर के हादसे का शिकार हो जाने और उसमें नाहक ही लोगों की मौत की घटनाएं सामने आने लगी हैं। पिछले हफ्ते शुक्रवार को बद्रीनाथ से देहरादून लौटते हुए एक हेलिकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट सहित छह लोगों की जान चली गई।
मरने वाले यात्री बंगलुरु के रहने वाले थे और बदरीनाथ के दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। इस हादसे से एक बार फिर यही साबित हुआ है कि सुविधाओं के विकास और विस्तार के क्रम में इस बात का खयाल रखना जरूरी नहीं समझा जा रहा है कि एक मामूली-सी लापरवाही या तकनीकी खामी कैसे जानलेवा साबित हो सकती है।
हाल के वर्षों में हिमालयी राज्य में हेलिकाप्टर हादसे और आपातकालीन स्थिति में उतारने जैसी अन्य घटनाओं का जैसा सिलसिला चल पड़ा है, उसके बाद पर्यटन के क्षेत्र में हेलिकाप्टर के संचालन और सुरक्षित यात्रा के भरोसे पर सवाल उठने लगे हैं।
पिछले वर्ष जुलाई में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने संसद में बताया था कि 2020 के बाद देश में बारह हेलिकाप्टर दुर्घटनाएं हुर्इं, जिनमें सात अकेले उत्तराखंड में हुर्इं। इन हादसों में मरने वाले कुल तीस लोगों में से सिर्फ उत्तराखंड में इक्कीस लोग मारे गए।
हैरानी की बात यह है कि पर्यटन के क्षेत्र में और खासतौर पर तीर्थ स्थलों पर हेलिकाप्टर के जरिए आवाजाही को बढ़ावा तो दिया जा रहा है, लेकिन इसके जोखिम को शून्य करने को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखती। साफ है कि इस मामले में निजी कंपनियों को अनुमति दिए जाने से लेकर व्यवस्थागत प्रबंधन और संचालन में बहुस्तरीय लापरवाही बरती जा रही है।
सिर्फ ज्यादा मुनाफा कमाने की वजह से जिस तरह सुरक्षा संबंधी तकाजों को ताक पर रखा जा रहा है, वह हादसों को न्योता देने जैसा है। अगर समय रहते हेलिकाप्टरों के संचालन में सुरक्षा के ठोस मानकों और उन पर अमल को लेकर सख्ती नहीं बरती गई, तो यह न सिर्फ लोगों के लिए जान का सौदा बनेगा, बल्कि इस पूरी व्यवस्था की मंशा पर सवाल उठेंगे।
यह भी पढ़ें: डिजिटल डकैती पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, बैंक की नाकामी पर पीड़ितों को मिलेगा मुआवजा? | संपादकीय
देश की अर्थव्यवस्था को डिजिटल बनाने के लिए हर स्तर पर व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि आनलाइन माध्यम से धन के लेन-देन में तेजी से विस्तार हो रहा है। आज लोग घर बैठे पैसे भेजने, बिल का भुगतान, खरीदारी और बैंकिंग जैसी सेवाओं के लिए विभिन्न डिजिटल मंचों का इस्तेमाल करते हैं। पढ़िए पूरी खबर…
