किसी भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की असली परीक्षा तब होती है, जब वहां जनता को सरकार की किसी नीति पर सवाल उठाने का सहज अधिकार होता है और ऐसा करने के लिए उनके खिलाफ दमन का रास्ता नहीं अख्तियार किया जाता। सामान्य स्थिति यह है कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए, उनकी शिकायतों को दूर करना चाहिए।
मगर इससे बड़ी विडंबना और क्या होगी कि देश भर में लोग जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआइआर की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन कर रहे हैं, वहीं सरकार उनसे संवाद कायम करके कोई हल निकालने के बजाय पुलिस के जरिए उन्हें रोकने की कोशिश करती है।
इससे भी त्रासद यह है कि लोगों के आंदोलन करने और उसे बाधित करने के क्रम में अगर किसी पुलिस अधिकारी पर कोई गंभीर आरोप लगता है, तो उसकी जांच या उसके खिलाफ कोई कार्रवाई करने के उलट आरोपी को पदोन्नति देने जैसी घोषणा सामने आती है। सवाल है कि ऐसा करते हुए सरकार आखिर अपने किस रुख के बारे में संकेत देना चाहती है।
गौरतलब है कि एसआइआर के मसले पर चुनाव आयोग के कई फैसले और समूची प्रक्रिया फिलहाल कठघरे में है, मामला अदालत में भी है। इसका कोई संतोषजनक जवाब सामने नहीं आ रहा है। मगर जब लोग इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं, तो ऐसा लगता है कि सरकार ने पुलिस को खुली छूट दे दी है। नतीजतन, पुलिस अपनी ड्यूटी के न्यूनतम तकाजों को भी भूल गई लगती है।
अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इस क्रम में दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला पत्रकारों के साथ बदतमीजी करने और यहां तक कि यौन हमला करने का भी आरोप एक पुलिस अधिकारी पर लगा। कायदे से इतने गंभीर आरोप के बाद सरकार को तुरंत इस घटना की जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देना चाहिए था। मगर इसके उलट खबर यह आई कि जिस पुलिस अधिकारी पर महिला पत्रकार से आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगा था, उसे पदोन्नति दी गई है।
हालांकि इस खबर के बाद जब चारों तरफ लोगों ने इस फैसले पर सवाल उठाने शुरू किए, तब सरकार ने फिलहाल इस पर रोक लगा दी। मगर पदोन्नति की घोषणा तब की गई थी, जब महिला पत्रकार के खिलाफ हुई घटना पर चारों तरफ लोग आक्रोश जाहिर कर रहे थे, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
इसके बावजूद क्या सरकार को इस घटना के संबंध में कोई खबर नहीं थी? अगर ऐसा हुआ, तो क्या यह समूचे सरकारी और खुफिया तंत्र की नाकामी नहीं है? देश की राजधानी होने के नाते उम्मीद की जाती है कि दिल्ली में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी। मगर हालत यह है कि किसी मुद्दे पर चल रहे सैकड़ों या हजारों लोगों के विरोध प्रदर्शन के बीच महिला पत्रकार से बदतमीजी का आरोप खुद एक पुलिस अधिकारी पर लगता है, जिस पर महिलाओं को किसी दुर्व्यवहार से बचाने की भी जिम्मेदारी है।
इस मामले में सरकार का रुख क्या बताता है! सवाल है कि जनता की, जनता के लिए और जनता के द्वारा चुनी गई एक लोकतांत्रिक सरकार की नजर में आखिर आम लोग क्या हैं कि वह उनके संवैधानिक अधिकारों की कद्र करने के बजाय उन्हें किसी प्रतिद्वंद्वी की तरह मान रही है।
