ECI SIR Controversy: इससे बड़ी विडंबना क्या होगी कि आज देश में एक अहम मुद्दे पर लोग सड़क पर उतर कर अपने सवालों का जवाब मांग रहे हैं, सरकार के रवैये को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं, तो वहीं लोकतंत्र की पहरेदारी की दावा करने वाली सरकार आम जनता की आवाज को खामोश करने की कोशिश कर रही है।
यह विचित्र है कि जब लोग शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हैं, तो बिना किसी तर्क या उकसावे के पुलिस उन्हें हिरासत में लेने में देरी नहीं करती है। जबकि देश का लोकतांत्रिक ढांचा संवैधानिक रूप से जनता को यह अधिकार देता है कि वह किसी मसले पर अपनी राय जाहिर कर सके और सरकार की कमियों पर अंगुली उठा सके।
मगर यह अफसोसनाक है कि दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचे बहुत सारे लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जबकि प्रदर्शन की प्रकृति के लिहाज से देखें, तो पुलिस को इतना सख्त रुख अख्तियार करने की जरूरत नहीं थी। हैरानी की बात यह भी है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ असामाजिक तत्त्व भी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक तरीके से पेश आ रहे थे।
इस मसले पर सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को निर्देश दिया कि शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने वाले लोगों को अवैध रूप से हिरासत में न लिया जाए। कायदे से होना यह चाहिए था कि सरकार को खुद इस जिम्मेदारी का बोध होता कि वह आम जनता के विरोध जताने के अधिकार की कद्र करती। लोगों की मांगों पर विचार किया जाता और शिकायतों को दूर करने की कोशिश की जाती।
मगर यह अफसोस की बात है कि सरकार ने विरोध प्रदर्शन के लोकतांत्रिक अधिकारों को न सिर्फ सीमित करने की कोशिश की, बल्कि प्रकारांतर से उसने जनता को अपना प्रतिपक्ष मान लिया लगता है। गौरतलब है कि शनिवार को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए हजारों की संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया, वहीं बिना किसी मजबूत आधार के हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया।
इसके अलावा, राजधानी दिल्ली में पिछले साढ़े तीन दशक से ज्यादा समय से देश भर के आंदोलनों का केंद्र रहे जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया गया। सरकार ने तीन अन्य जगह निर्धारित की है, लेकिन बिना किसी मजबूत कारण के इतने बड़े बदलाव के पीछे लोकतांत्रिक विरोध के स्वर को सीमित करने की मंशा साफ झलकती है।
यह बेवजह नहीं है कि मतदाता सूची के विशेष गहन परीक्षण यानी एसआइआर में व्यापक पैमाने पर लोगों के नाम काटे जाने के मसले से आम नागरिकों के बीच उठे विरोध का दायरा अब और ज्यादा फैलता जा रहा है तथा सरकार की मंशा को लेकर भरोसा कम होता दिख रहा है।
सोमवार को विपक्षी दलों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने जिस तरह ‘मार्च फार डेमोक्रेसी’ के तहत सुप्रीम कोर्ट तक जुलूस निकाला, वह सरकार के रवैये के प्रति बढ़ते असंतोष का ही उदाहरण है। अफसोस की बात यह है कि एसआइआर में लाखों लोगों के नाम काटे जाने सहित अन्य त्रुटियों के मसले पर उठे सवालों का अब तक कोई संतोषजनक जवाब सामने नहीं आया है।
जवाबदेही तय करने के बजाय लोगों के बीच उभरे विरोध की अनदेखी या प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्ती करना लोकतंत्र की किस परिभाषा में आता है? इस दौरान सरकार की ओर से संवाद के जरिए समाधान की तलाश को लेकर जिस स्तर की उदासीनता दिखी है, उसने समस्या को और जटिल ही बनाया है।
यह भी पढ़ें: युद्ध के दौर में शांति का संदेश, जानिए क्यों नवी पिल्लई को मिला 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार | संपादकीय
इस दौर में दुनिया का एक बड़ा हिस्सा युद्ध की त्रासदी से जूझ रहा है, मानवता के सामने व्यापक संकट खड़ा हो रहा है, तो ऐसी स्थिति में सबसे ज्यादा जरूरत शांति की ही महसूस हो रही है। मगर युद्ध में शामिल पक्षों को न तो मानवता का प्रश्न महत्त्वपूर्ण लगता है, न ही वे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खयाल रखना जरूरी समझते हैं। पढ़िए पूरी खबर…
