हरियाणा में पंचकूला के एक स्कूल में महज तीसरी कक्षा के छात्र का जैसा बर्ताव सामने आया है, वह भविष्य के समाज के प्रति चिंतित और संवेदनशील किसी भी इंसान को परेशान करने के लिए काफी है। जिस उम्र में बच्चे साथ मिल कर खेलते हैं, आपस में झगड़ते हैं और थोड़ी देर बाद फिर पहले की तरह हंसते-खिलखिलाते हैं, उसमें एक बच्चा अगर किसी छोटी बच्ची पर बेरहमी के साथ जानलेवा हमला करता है, तो इसकी जड़ें कहां से निकल रही हैं? यह त्रासद घटना हाल ही में सामने आई, जब एक वीडियो में खाली कक्षा में आठ साल के एक छात्र ने छह वर्ष की बच्ची को बेलगाम तरीके से पीटा और बेहोश होने के बाद भी किसी वस्तु से जानलेवा हमला करता रहा।

शर्मनाक यह है कि कई मिनट तक हुई यह घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो रही थी, लेकिन इतनी देर तक न तो कक्षा में कोई आया और न ही नियंत्रण कक्ष में स्क्रीन पर कोई देखने वाला था। अनदेखी से लेकर लापरवाही की पूरी शृंखला बताती है कि यह घटना जहां स्कूल में एक व्यापक कुप्रबंधन की है, वहीं सामाजिक उदासीनता आज एक ऐसी स्थिति निर्मित कर रही है, जिसमें छोटे बच्चे एक बड़े खतरे से दो-चार हैं।

घटना के सामने आने के बाद स्कूल की दो शिक्षिकाओं और प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया, मगर क्या इसकी जड़ों की ओर देखने की कोशिश की जाएगी? पंचकूला की घटना में जो बच्चा बेलगाम दिखा, उसके बारे में भी यही खबर आई है कि वह मोबाइल पर कोई आक्रामक और हिंसक गेम खेलने का आदी था।

स्मार्टफोन की लत ने लोगों के व्यक्तित्व को किस कदर विकृत करना शुरू कर दिया है, यह किसी से छिपा नहीं है। बच्चे इसका सबसे नाजुक शिकार बन रहे हैं। इस तरह के आभासी खतरे से अनजान माता-पिता प्यार के नाम पर बच्चों के इसके लत का शिकार होने की अनदेखी करते हैं।

नतीजतन, उसके सोचने-समझने से लेकर खुद को अभिव्यक्त करने का तरीका बेलगाम बिखराव से संचालित होने लगता है। इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। सवाल है कि इस क्रम में जैसा समाज बन रहा है, बच्चों पर जैसा असर हो रहा है, उसमें भविष्य की कैसी दुनिया बन रही है!