पंजाब में मादक पदार्थों की वजह से खड़ी जटिल समस्या पहले ही एक व्यापक चिंता की वजह बन चुकी है। अब वहां इस प्रवृत्ति के खिलाफ स्थानीय लोग भी सक्रिय हो रहे हैं। मगर पंजाब के मानसा जिले में मंगलवार को नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या की घटना ने फिर यही साबित किया है कि वहां मादक पदार्थों के तस्कर न सिर्फ पुलिस और कानून से बेखौफ अपना धंधा चला रहे हैं, बल्कि अगर कोई व्यक्ति उनकी अवैध गतिविधियों पर सवाल उठाता है, तो वे उसकी हत्या तक कर देते हैं।

गौरतलब है कि एक सामाजिक कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने कर दी। इसकी वजह यह थी कि झोटा दवा की दुकानों पर मादक पदार्थों की गैरकानूनी बिक्री का खुलासा करते थे। घटना के वक्त भी वे अपने कुछ साथियों के साथ मानसा बाजार की एक दवा दुकान के मालिक से मादक पदार्थ बेचने को लेकर सवाल कर रहे थे। मगर दुकानदार ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे झोटा की जान चली गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। यह समझना मुश्किल है कि जिस राज्य में सरकार खुद ‘नशे के विरुद्ध युद्ध’ जैसा प्रचारित अभियान चला रही हो, वहां इसी मसले पर आवाज उठाने वाले लोगों का जीवन खतरे में है।

कहने को राज्य सरकार वहां खुद नशे की प्रवृत्ति और इससे उपजी स्थिति को एक गंभीर संकट मानती है। मंगलवार को ही आई एक खबर के मुताबिक पुलिस ने मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने वाले पांच गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए दस संदिग्धों को गिरफ्तार किया। साथ ही भारी मात्रा में अवैध हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए। मगर इसी मसले पर एक सामाजिक कार्यकर्ता ने आवाज उठाई, तो उसकी जान चली गई।

सवाल है कि मादक पदार्थों के तस्कर कानून और पुलिस से इतने बेखौफ कैसे हैं। यह ध्यान रखने की जरूरत है कि पंजाब में मादक पदार्थों और नशे का संजाल समूचे राज्य तथा वहां के लोगों के लिए एक गंभीर संकट बन चुका है। अगर वहां समाज के भीतर से ही नशे के विरुद्ध उठी आवाजों के सामने जीवन का संकट खड़ा होगा, तो आने वाले वक्त का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।