पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से उपजे संकट का असर जैसे-जैसे अपने पांव पसारता जा रहा है, वैसे-वैसे यह साफ हो रहा है कि इसकी सबसे गंभीर मार आम लोगों पर पड़ने वाली है। बाजार में जिस तेजी से वस्तुओं की कीमतें चढ़नी शुरू हो गई हैं, उसमें बहुत सारे लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरी चीजों की खरीदारी करते हुए यह सोचने की जरूरत आ खड़ी हुई है कि युद्ध कब खत्म होगा और सामान्य स्थिति कब बहाल होगी।

खासतौर पर पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर जिस तरह के हालात पैदा हुए हैं, उसमें स्थिति को सामान्य बनाए रखना सरकार की सबसे अहम प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दिशा में एक कदम उठाते हुए सरकार ने पेट्रोल और डीजल के उत्पाद शुल्क में दस-दस रुपए की कटौती की। यों इससे केवल तेल कंपनियों को राहत मिलेगी, लेकिन यह उम्मीद भी की जा सकती है कि फिलहाल आम लोगों के लिए उपलब्ध होने वाले पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रह सकती हैं।

हालांकि ईरान के खिलाफ इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद जिस तरह दुनिया भर में कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित हुई है, उसकी वजह से वैश्विक पैमाने पर पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। ऐसे में भारत में भी यह चुनौती खड़ी है कि इस समस्या के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

उत्पाद शुल्क में कटौती से खुले बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम को स्थिर रखने में मदद जरूर मिल सकती है, लेकिन अभी असली समस्या उपलब्धता की है। देश भर से ऐसी खबरें आई हैं कि पेट्रोल-डीजल के लिए लोगों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। संकट ज्यादा गहराने की आशंका में पेट्रोल-डीजल की अतिरिक्त खरीदारी करने को लेकर भी एक तरह की होड़ देखी गई है।

दूसरी ओर, रसोई गैस के सिलेंडरों की आपूर्ति जिस पैमाने पर बाधित हुई है, उसकी वजह से चौतरफा चिंता उभरी है। ऐसे बहुत सारे लोग हैं, जिनके पास रसोई गैस खत्म हो गई है और एजंसियों में इसकी उपलब्धता बेहद सीमित है।

घोषित तौर पर सरकार यह आश्वासन जरूर दे रही है कि घबराने की बात नहीं है, क्योंकि देश के पास तेल और गैस का पर्याप्त भंडार है। कच्चे तेल की खरीद के लिए सरकार ने अन्य विकल्पों की ओर भी देखा है।

मगर हालत यह है कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की गई, उसे हासिल करने के लिए अवधि का अंतराल बढ़ाया गया है, वाणिज्यिक सिलेंडर की भी आपूर्ति सीमित की गई है। उसके बावजूद बहुत सारे लोगों के सामने रसोई गैस सिलेंडर प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती बन गई है।

कई जगहों से सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें भी आईं। इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करते हुए जमाखोरी और कालाबाजारी से सख्ती से निपटने को कहा है।

मगर इतना तय है कि जब तक सरकार इस संकट के दौर में वैकल्पिक उपायों या फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयासों के जरिए तेल और गैस की आपूर्ति को सामान्य बनाने की व्यवस्था नहीं करती है, तब तक लोगों के बीच आशंका की स्थिति बनी रहेगी।

उम्मीद की जानी चाहिए कि सरकार ने जिस तरह पेट्रोल और डीजल के उत्पाद शुल्क में कटौती करके कंपनियों को राहत दी है, उसी तरह आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की कीमतें नियंत्रण में रखने से लेकर रसोई गैस के सिलेंडरों की सहज आपूर्ति भी सुनिश्चित करेगी।