Jansatta Editorial: इस दौर में दुनिया का एक बड़ा हिस्सा युद्ध की त्रासदी से जूझ रहा है, मानवता के सामने व्यापक संकट खड़ा हो रहा है, तो ऐसी स्थिति में सबसे ज्यादा जरूरत शांति की ही महसूस हो रही है। मगर युद्ध में शामिल पक्षों को न तो मानवता का प्रश्न महत्त्वपूर्ण लगता है, न ही वे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खयाल रखना जरूरी समझते हैं।
छीजती संवेदनाओं और उपेक्षित कायदों के इसी दौर में नवनेथम नवी पिल्लई को 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया जाना बेहद अहम है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय जगत का यह सर्वश्रेष्ठ माना जाने वाला सम्मान इसीलिए दिया गया है कि उन्होंने दुनिया भर में शांति और अंतरराष्ट्रीय कानूनों को बढ़ावा देने के प्रयासों में अहम भूमिका निभाई है।
दरअसल, नवी पिल्लई का जीवन और उनके प्रयास वैश्विक शांति तथा सद्भाव के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए बनाए गए कानूनों की अहमियत को दर्शाते हैं। उनके सरोकार की जड़ें उनकी जीवन-स्थितियों से भी जुड़ी हैं।
उनका भारत से भी इस रूप में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नाता है कि उनके दादा 1890 के दशक में ब्रिटिश औपनिवेशिक काल में भारत से बंधुआ मजदूर के रूप में दक्षिण अफ्रीका चले गए थे। उनका जन्म रंगभेद के दौर में दक्षिण अफ्रीका के डरबन में भारतीय तमिल मूल के एक परिवार में हुआ था। बाद में वे एक वकील बनीं और कानून के क्षेत्र में उन्हें नई राह खोलने वाली शख्सियत माना गया।
मगर इस बीच उन्होंने गहरे संस्थागत भेदभाव, अलगाववाद और बहिष्कार का भी सामना किया। जाहिर है, इस सबका असर उनके समूचे व्यक्तित्व और सोचने-समझने के ढांचे पर पड़ा। इसी का प्रतिबिंब इस रूप में सामने आया कि पिल्लई ने दुनिया भर में शांति और सद्भाव के मूल्यों का विस्तार करना और समूची मानवता के हित में अंतरराष्ट्रीय कानूनों को बढ़ावा देना अपने जीवन का एक हिस्सा बना लिया।
नोबेल शांति पुरस्कार उनके प्रयासों की स्वीकार्यता है और इस तरह दुनिया भर को यह संदेश देने की कोशिश भी कि कुछ देश भले ही विवादों के हल के लिए युद्ध को जरूरी मानते हैं और इसके लिए वे अंतरराष्ट्रीय कानूनों को भी ताक पर रखने से नहीं हिचकते, लेकिन आखिरकार वे थकेंगे और उन्हें शांति की शरण में आना होगा।
यह भी पढ़ें: ‘मैं मोदी भक्त हूं, बीजेपी नहीं छोड़ूंगी’, पूर्व DGP श्रीलेखा पार्षद पद पर बनी रहेंगी, इस्तीफे का बदला इरादा
केरल में भारतीय जनता पार्टी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में संभावित संकट को टाल दिया है। पूर्व डीजीपी और पार्षद आर. श्रीलेखा ने कहा है कि उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी है, जबकि एक हफ्ते पहले ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। पढ़िए पूरी खबर…
