Manipur Violence: मणिपुर में फिर से तेज हो रही हिंसक घटनाएं इस बात का संकेत है कि राज्य में शांति एवं सौहार्द की कमजोर पड़ी नींव को नए सिरे से मजबूत करने के प्रयासों को धरातल पर उतारने में संवेदनशीलता, तत्परता और गंभीरता का अभाव बना हुआ है।
लंबे समय से जातीय तनाव, आपसी अविश्वास और टकराव का सामना कर रहे इस राज्य में हालात सामान्य होने की उम्मीदें बार-बार टूटती रही हैं। इसी क्रम में बीते शुक्रवार को कामजोंग, उखरुल और कांगपोकपी जिलों में शुरू हुई हिंसा में नौ लोगों की मौत हो गई।
ऐसे में यह सवाल अहम है कि आखिर राज्य में हिंसा का सिलसिला क्यों नहीं थम रहा? सरकार के तमाम दावों के बावजूद शांति बहाली की कोशिशें सतही क्यों साबित हो रही हैं? सुरक्षाबलों की इतनी बड़ी तैनाती के बावजूद अगर हिंसक घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है, तो इसे किस तरह देखा जाएगा। जाहिर है, आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने के साथ-साथ जातीय संघर्ष की जड़ में जाकर समाधान के रास्ते तलाशने होंगे।
मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच मई, 2023 में शुरू हुए जातीय संघर्ष ने राज्य के सामाजिक ताने-बाने को गहरी चोट पहुंचाई है। तब हिंसा में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी और हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। ऐसे हालात में हिंसा की कोई भी नई घटना तनाव को फिर बढ़ा देती है।
खबरों के मुताबिक, पिछले सप्ताह हुई हिंसा में एक व्यक्ति की हत्या कर हमलावर उसके सिर को काटकर अपने साथ ले गए, जिससे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हिंसा के लगातार बने रहने के पीछे दोनों समुदायों के बीच भरोसे की कमी, विस्थापित लोगों की घर वापसी, सुरक्षा और पुनर्वास जैसे मसलों का स्थायी हल न हो पाना है।
इसके अलावा जमीन, पहचान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े विवादों ने भी समस्या को जटिल बना दिया है। शांति बहाली के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि हिंसा के मामलों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों को सजा मिले तथा स्थानीय समुदायों और सामाजिक प्रतिनिधियों को विश्वास बहाली के प्रयासों में शामिल किया जाए।
यह भी पढ़ें: विरोध का अधिकार या दमन? जंतर-मंतर पर पाबंदी और SIR विवाद पर क्यों उठ रहे लोकतंत्र पर सवाल | संपादकीय
इससे बड़ी विडंबना क्या होगी कि आज देश में एक अहम मुद्दे पर लोग सड़क पर उतर कर अपने सवालों का जवाब मांग रहे हैं, सरकार के रवैये को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं, तो वहीं लोकतंत्र की पहरेदारी की दावा करने वाली सरकार आम जनता की आवाज को खामोश करने की कोशिश कर रही है। पढ़िए पूरी खबर…
