मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर मुरैना पहुंचे उन्नीस माह के चीते की गोली लगने से मौत की घटना ने भारत में चीतों को फिर से बसाने की महत्त्वाकांक्षी परियोजना की निगरानी पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच का विषय सिर्फ यह नहीं है कि इस चीते को गोली किसने मारी, बल्कि इस बात की भी गहराई से तहकीकात की जानी चाहिए कि आखिर यह वन्य प्राणी राष्ट्रीय उद्यान के अपने आवास स्थल से बाहर कैसे निकला।

जब विदेश से लाए गए इन चीतों को संरक्षित वन क्षेत्र में रखा गया है और नियमित तौर पर इनकी निगरानी करने की व्यवस्था है, तो फिर इनकी सुरक्षा में इस तरह की चूक कैसे हो सकती है! प्रदेश सरकार ने इस घटना की छानबीन के लिए विशेष जांच दल गठित किया है और केंद्र सरकार ने भी उच्चस्तरीय दल जांच के लिए भेजा है। मगर सवाल है कि शासन के स्तर पर जिस तरह की गंभीरता एवं सक्रियता अब दिखाई जा रही है, वह घटना से पहले जमीन पर क्यों नहीं दिखी?

गौरतलब है कि यह चीता बीते 25 अक्टूबर को संरक्षित वन क्षेत्र से बाहर मुरैना में घायल अवस्था में मिला था। उसे उपचार के लिए जबलपुर ले जाया गया, लेकिन दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। इसके शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसे गोली लगी थी। जांच दलों के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि इस चीते को गोली किसने और किन परिस्थितियों में मारी। क्या यह रिहायशी इलाके में घुस आया था या फिर शिकारियों की गोली का निशाना बना?

साथ ही इसकी भी गहराई से छानबीन होनी चाहिए कि यह चीता कूनो राष्ट्रीय उद्यान से बाहर कैसे निकला और इसका पता निगरानी का जिम्मा संभाले अधिकारियों को क्यों नहीं चल पाया। अगर उन्हें इसकी जानकारी थी, तो चीते को खोजने के लिए क्या कदम उठाए गए? यह सवाल इसलिए अहम है कि जिस चीते की मौत हुई, उसके गले में रेडियो कॉलर लगा था, जिसकी मदद से उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकती थी। ऐसे में विभागीय स्तर पर भी जवाबदेही तय की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।