उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बच्ची से बलात्कार और उसकी हत्या के मामले ने फिर यही साबित किया है कि शासन-तंत्र और पुलिस से लेकर अस्पतालों तक पसरी व्यापक लापरवाही और संवेदनहीनता दरअसल अपराध की गंभीरता को और त्रासद बना देती है।
यह कल्पना करना भी मुश्किल है कि एक मासूम के खिलाफ पहले अपराधी बर्बरता से पेश आता है, फिर दो निजी अस्पतालों को उसके जीने-मरने की परवाह नहीं होती और पुलिस भी घनघोर लापरवाही बरतती है।
यह मामला भी शायद संवेदनहीनता के दुश्चक्र में उलझ कर दम तोड़ देता, लेकिन इसमें न्याय के लिए गुहार सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची और अदालत ने इस पर सख्त रुख अख्तियार किया। खबरों के मुताबिक, मजदूरी करके गुजारा करने वाले एक व्यक्ति की चार वर्षीय बेटी से पड़ोस के एक युवक ने बलात्कार किया और ईंट से वार कर उसे मरने के लिए छोड़ दिया।
बेटी को खोजने के बाद जब पिता उसे लेकर इलाज के लिए गए, तो दो निजी अस्पतालों ने उपचार करने से मना कर दिया। आखिर में बच्ची को एक सरकारी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। यानी अपराध की वीभत्सता के बाद जिन अस्पतालों को सबसे पहले बच्ची की जान बचाने की कोशिश करनी चाहिए थी, वहां उन्होंने मना कर दिया।
त्रासदी यहीं नहीं रुकी। इसके बाद पोस्टमार्टम रपट में साक्ष्य के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी में बलात्कार की धारा नहीं जोड़ी और न ही पाक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार का उत्पीड़न किया और कहानियां बनाती रही। अव्वल तो लचर कानून-व्यवस्था की वजह से जघन्य अपराध की घटना होती है। फिर उसके बाद भी पुलिस को जरूरी कार्रवाई करने से कौन रोकता है।
यह बेवजह नहीं है कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार, संबंधित थाना प्रभारी, दोनों निजी अस्पतालों और कार्यकारी मजिस्ट्रेट के प्रति सख्त रुख अख्तियार किया है। अदालत ने यहां तक कहा कि मामले के तथ्य और परिस्थितियों ने हमारी अंतरात्मा को झकझोर दिया। उत्तर प्रदेश सरकार आए दिन राज्य में अपराध पर पूरी तरह काबू पाने के दावे करती रहती है, लेकिन एक मासूम के खिलाफ हुई बर्बर घटना और उसके बाद पुलिस की संवेदनहीनता क्या दर्शाती है?
यह भी पढ़ें: अपराध के पांव! कम उम्र के बच्चों में हिंसा की प्रवृति बेहद खतरनाक
लोग अब छोटी-छोटी बातों पर अपना आपा खो देते हैं। ऐसी घटनाओं का अंत कई बार किसी की हत्या तक के रूप में सामने आता है। इस तरह के मामलों में नाबालिगों के भी शामिल पाए जाने से स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पूरी लेख पढ़ने के लिए क्लिक करें।
