पश्चिम एशिया में शुरू हुए संघर्ष के बाद से भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए महंगाई एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। सरकार की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में थोक महंगाई बढ़कर 11.39 फीसद हो गई, जो अगस्त में 9.92 फीसद थी। इसका प्रमुख कारण खाद्य पदार्थों, विनिर्मित वस्तुओं, ईंधन एवं बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी है। इसी माह के आंकड़ों में खुदरा महंगाई दर भी बढ़कर तेईस माह के उच्च स्तर 5.54 फीसद पर पहुंच गई, जो अगस्त में 4.83 फीसद थी।
इसमें दोराय नहीं कि महंगाई का प्रभाव केवल बाजार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह लोगों की बचत, जीवन स्तर और आर्थिक सुरक्षा को भी प्रभावित करता है। ऐसे में सवाल है कि जरूरी वस्तुओं के दामों को नियंत्रण में रखने के लिए सरकार की ओर से तात्कालिक एवं प्रभावी उपाय क्यों नहीं किए जा रहे हैं! क्या सरकार को इस बात का भान नहीं है कि इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ने के साथ देश की अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर पड़ सकता है?
गौरतलब है कि चालू वित्त वर्ष की शुरुआत से ही थोक महंगाई में बढ़ोतरी हो रही है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलमार्ग में अवरोध से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल एवं उर्वरकों की लागत बढ़ गई है। भारत अपने कच्चे तेल का अधिकतर हिस्सा इसी मार्ग से आयात करता है। इन बढ़ी हुई लागतों का असर खाद्य पदार्थों और अन्य वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ा है। मगर अहम सवाल यह है कि तात्कालिक और भावी परिस्थितियों का आकलन कर सरकार की ओर से इस संकट से निपटने के लिए समय पर कोई प्रभावी उपाय क्यों नहीं किए गए?
हालांकि बढ़ती महंगाई के दबाव को कम करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले सप्ताह नीतिगत दर यानी रेपो दर में 0.25 फीसद की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 फीसद कर दिया था। मगर, महंगाई हमेशा मांग के कारण ही नहीं बढ़ती। खराब मानसून, आपूर्ति बाधाएं, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल जैसी परिस्थितियां भी महंगाई का कारण बनती हैं। ऐसे में रेपो दर बढ़ाने का प्रभाव सीमित हो सकता है, लेकिन ब्याज दरें बढ़ने से लोगों का बैंकों से कर्ज लेना और महंगा होने की संभावना है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की थोक महंगाई दर अगस्त के 7.05 फीसद से बढ़कर सितंबर में 8.66 फीसद हो गई, जबकि विनिर्मित वस्तुओं की दर बढ़कर 9.76 फीसद पर पहुंच गई। ईंधन एवं बिजली की महंगाई दर भी 22.93 फीसद से बढ़कर 25.85 फीसद हो गई।
महंगाई का सबसे ज्यादा प्रभाव निम्न और मध्य वर्ग पर पड़ता है। जिन लोगों की आय सीमित है, उनके लिए अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करना कठिन हो जाता है। इस तरह महंगाई केवल आर्थिक समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक असमानता बढ़ने का कारण भी बन जाती है। इससे निपटने के लिए सबसे जरूरी है कि मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बना रहे और इसके लिए सरकार को कृषि उत्पादन बढ़ाने, भंडारण व्यवस्था सुधारने और जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने जैसे उपायों को कड़ाई से लागू करना होगा। आर्थिक विकास की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब आम आदमी की आय के साथ उसकी क्रयशक्ति भी बढ़े और वह सम्मानजनक जीवन जी सके।
