देश में पिछले कुछ वर्षों से मामूली विवाद पर हत्या कर देने की वारदात तेजी से बढ़ी हैं, जो न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौतियां पैदा कर रही हैं, बल्कि सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों के गिरते स्तर और बढ़ती असहिष्णुता को भी उजागर करती हैं। सवाल है कि पानी, पार्किंग, पैसों के लेन-देन और नोकझोंक जैसी छोटी-छोटी बातों पर किसी की जान ले लेना किस तरह के मानस को दर्शाता है। जिन विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत के जरिए आसानी से सुलझाया जा सकता है, आखिर वे किसी की हत्या कर देने का कारण कैसे बन जाते हैं?

यह स्थिति वास्तव में चिंताजनक है कि अपराध को अंजाम देने वालों के चेहरे पर न तो कानून का खौफ नजर आता है और न ही उनके भीतर मानवीय संवेदना शेष होती हैं। दिल्ली के प्रीत विहार में रविवार देर रात ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि मामूली कहासुनी से शुरू हुए विवाद में हत्या कर देने की खबरें अक्सर आती रहती हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो की एक रपट के अनुसार, देश भर में वर्ष 2022 में हत्या के करीब दस हजार मामले सामने आए, जिनमें से ज्यादातर मामलों में हत्या की वजह मामूली विवाद था। सवाल है कि इस हिंसक होती मानव प्रवृत्ति का स्रोत क्या है? किसी विवाद को बातचीत से सुलझाने का विवेक मानव स्वभाव से दूर क्यों होता जा रहा है। खबरों के मुताबिक, प्रीत विहार की घटना में कारोबारी ने अपने आवास के सामने वाहन खड़ा करने पर आपत्ति जताई थी।

क्या यह इतना गंभीर मामला था कि बात हत्या तक पहुंच गई! इस घटना ने देश की राजधानी में कानून व्यवस्था पर भी फिर से सवाल खड़े किए हैं। अगर शहर की सड़कों पर लोग घातक हथियार लेकर घूमते हैं, तो इसमें सुरक्षा एजंसियों की निष्क्रियता और लापरवाही साफ नजर आती है। जाहिर है कि कानूनी तौर पर सतर्कता और सख्ती बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी मानवीय मूल्यों के क्षरण को रोकना होगा, तभी हिंसा के मानस को बदला जा सकता है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली: चाचा और उनके दोस्त संग संबंध बनाने से मना करने पर प्रेमी ने की महिला की हत्या, बेड में छिपाई लाश; तीन गिरफ्तार

दिल्ली के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय एक विवाहित महिला की गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि महिला के शव को एक पीजी (पेइंग गेस्ट) के बेड के बॉक्स में से बरामद किया गया। पुलिस को इस मामले में बलात्कार की भी आशंका है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए 22 साल के दीपक समेत उसके 50 साल के चाचा और 52 साल के चाचा के मित्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक