देश ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में काफी प्रगति की है, मगर आज भी यहां आम नागरिकों को किफायती और बेहतर इलाज की सुविधाएं मिल पाना किसी चुनौती से कम नहीं है। बीमार हालत में अस्पताल में भर्ती होने और जांच कराने के शुल्क के साथ दवाओं की बढ़ती कीमतें मरीजों की जेब पर भारी पड़ रही हैं। चिंता की बात यह है कि कई दवाओं की निर्माण लागत तथा उनके अधिकतम और खुदरा मूल्यों के बीच इतना ज्यादा अंतर होता है कि उनकी कीमतें मरीजों की पहुंच से ही दूर हो जाती हैं।
सवाल है कि जब दवाओं के निर्माण में अपेक्षाकृत कम खर्च आता है, तो बाजार में उनका अधिकतम मूल्य कई गुना ज्यादा क्यों तय किया जाता है? सर्वोच्च न्यायालय ने भी बीते मंगलवार को इसी चिंता को रेखांकित करते हुए सरकार से पूछा कि क्या दवा निर्माताओं को इस तरह की मनमानी करने की छूट दी जा सकती है! साथ ही यह सवाल भी किया कि पूरी व्यवस्था दवा निर्माताओं की मदद करने के लिए क्यों काम कर रही है?
गौरतलब है कि किसी भी दवा के निर्माण की लागत में कच्चे माल, अनुसंधान, परीक्षण, उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग और वितरण पर होने वाला खर्च तथा मुनाफा शामिल होता है। इसलिए उसकी वास्तविक निर्माण लागत और अंतिम बिक्री मूल्य में अंतर होता है। मगर जब यह अंतर असाधारण रूप से अधिक हो जाता है, तो दवा की कीमत तय करने की प्रक्रिया पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कुछ दवाओं के मामले में एक ही औषधीय घटक विभिन्न निर्माताओं की ओर से अलग-अलग कीमतों पर बेचा जाता है।
ऐसे में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि महंगी दवा वास्तव में कितनी बेहतर है और उसकी अधिक कीमत के पीछे क्या कारण हैं। खासकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज से संबंधित दवाओं के अधिकतम और खुदरा मूल्यों में भारी अंतर की वजह से इनकी कीमतें बढ़ा दी जाती हैं। हालांकि, दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण मौजूद है, लेकिन शीर्ष अदालत ने इसकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि यह पूरी तरह से निष्क्रिय संस्था प्रतीत होती है।
अहम सवाल यह है कि आम लोगों को सस्ते इलाज की सुविधा मुहैया कराने के दावों के अनुरूप सरकार को जो काम खुद करना चाहिए था, उसके लिए सर्वोच्च न्यायालय को निर्देश क्यों देना पड़ रहा है! यही नहीं, सरकार को इस मामले में उस वक्त अदालत की तीखी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा, जब उसकी ओर से कहा गया कि पूरी व्यवस्था को नियंत्रित करना ठीक नहीं होगा। अदालत का यह सवाल वाजिब है कि जब दवाओं की अधिकतम और खुदरा कीमतों में चार सौ फीसद या उससे भी ज्यादा का अंतर होता है, तो इसके बीच का पैसा कहां जाता है?
जाहिर है कि आम मरीज और उनके परिजन ज्यादा मोल-भाव करने की स्थिति में नहीं होते और उन्हें दवाओं के लिए अधिक मूल्य चुकाना पड़ता है। कई बार तो महंगी दवा नहीं खरीद पाने की वजह से मरीज की जान तक चली जाती है। ऐसे में जरूरी है कि बाजार में दवाओं के मूल्य निर्धारण के लिए संतुलित नीति और प्रभावी व्यवस्था की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, क्योंकि स्वास्थ्य सेवा को केवल बाजार और मुनाफे के नजरिए से नहीं देखा जा सकता।
