ECI SIR Controversy: भारतीय लोकतंत्र में चुनाव आयोग की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उसकी जिम्मेदारियों का मूल्यांकन मतदाता सूची तैयार करने से लेकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतदान सुनिश्चित कराने तक से किया जाता है। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता को बनाए रखना बेहद जरूरी है।
मगर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआइआर की प्रक्रिया को लेकर शुरू से ही जिस तरह के सवाल उठ रहे हैं, उससे राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर गंभीर चिंताएं उभरी हैं। खासकर विभिन्न राज्यों में लाखों की संख्या में नागरिकों को मतदाता सूची से बाहर कर देने से शासन के चयन में उनकी भागीदारी खत्म हो जाने के साथ-साथ उनके सामने कई तरह की चुनौतियां पैदा हो गई हैं।
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां ने भी बीते रविवार को हैदराबाद में एक कार्यक्रम में इस चिंता को रेखांकित करते हुए कहा कि नागरिकों को उनके मताधिकार से वंचित करने वाली कोई भी प्रक्रिया संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ है और उसे किसी भी तरह की दलीलों के जरिए उचित नहीं ठहराया जा सकता।
एसआइआर प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाल में देश भर में करीब तेरह करोड़ लोगों को मतदाता सूची से बाहर कर दिए जाने की खबरें आई हैं। इतने बड़े पैमाने पर अगर देश के नागरिक अपने मताधिकार से वंचित हो जाएं, तो क्या इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुचिता के दृष्टिगत शुभ संकेत के तौर पर देखा जाएगा?
किसी नागरिक का मतदाता बनना और उसके मतदान करने का अधिकार स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला होता है। केवल तकनीकी पहलुओं के आधार पर उसकी पहचान से मताधिकार को अलग कर देना क्या लोकतंत्र में उसकी सबसे महत्त्वपूर्ण भागीदारी को खत्म कर देना नहीं है?
न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां ने भी अपनी टिप्पणी में कहा है कि देश का संविधान नागरिकों को दो वर्गों में नहीं बांटता, जिनमें से एक वर्ग मताधिकार प्राप्त हो और दूसरा मताधिकार से वंचित। यदि किसी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर लोग अपने ही देश में दोयम दर्जे के नागरिक बन जाएं, तो उसमें सुधार की राह निकालना अत्यंत आवश्यक हो जाता है।
दूसरी ओर, एसआइआर के तहत फार्म-6 को लेकर सर्वोच्च न्यायालय की ओर से सोमवार को स्थिति स्पष्ट किए जाने से चुनाव आयोग के उस दावे को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं, जिसमें कहा गया था कि शीर्ष अदालत ने इस फार्म की घोषणा को सही ठहराया है। जबकि न्यायालय ने साफतौर पर कहा कि उसने इस फार्म में किसी भी तरह के बदलाव को मंजूरी नहीं दी है।
इससे चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को लेकर आम नागरिकों के बीच भरोसे का संकट और गहरा हो गया है। यही नहीं, शीर्ष अदालत ने आयोग के भीतर मतभेदों के दावे से जुड़े मामले में निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर कहा कि जो भी फैसला कानून के अनुरूप नहीं पाया जाएगा, उसे रद्द कर दिया जाएगा।
इससे स्पष्ट है कि मतदाता सूची में किसी भी तरह के संशोधन के दौरान कानून, प्रक्रिया और नागरिकों के अधिकारों के बीच संतुलन कितना आवश्यक है। किसी भी चुनावी सुधार प्रक्रिया की सफलता इस बात से तय नहीं होती कि मतदाता सूची से कितने लोग बाहर किए गए और कितने नए नाम जोड़े गए, बल्कि इससे होती है कि पात्र नागरिकों के अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहें।
यह भी पढ़ें: युवा आंदोलन और लोकतंत्र: असहमति को दबाने के बजाय सुनने की जरूरत | संपादकीय
लोकतंत्र में असहमति अवांछित शोर नहीं, बल्कि उसकी जीवंतता का प्रमाण है। ऐसे में जब देश के विभिन्न हिस्सों में युवा शिक्षा, रोजगार, अवसर और अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो सबसे पहले उनके सवालों को सुनने की जरूरत है। पढ़ाई और करिअर बनाने की उम्र में एक समूची पीढ़ी अपनी ऊर्जा आंदोलन में लगाने को विवश हो, तो यह केवल उसकी बेचैनी नहीं, बल्कि व्यवस्था के लिए भी आत्ममंथन का विषय होना चाहिए। पढ़िए पूऱी खबर…
