Success Guide: मानव जीवन की उत्पति के साथ ही उसकी मनोदशा के कई आयाम उसे अपनी परिधि में बांधे हुए है। व्यक्ति अपनी दिनचर्या के विभिन्न पहलुओं से आबद्ध होकर उसके निर्वहन की दिशा में सतत नैसर्गिक भूमिका में लैस होते हैं। इस दौर में उसके कार्यों में रचनात्मक और नकारात्मक अंशों के मिश्रण से अनुभूति अध्याय के अनेक मर्म निरंतर प्रकट होते रहते हैं।
व्यक्ति के जाग्रत अवस्था में रोजमर्रा के वैसे इच्छित मनोभाव, जो मूर्तरूप नहीं ले पाते, वे हमारे अचेतन मन के कोश में संग्रहित हो अक्सर सपनों के रूप में उजागर होते हैं। सपनों के सरोवर में हमारी कल्पनाओं के अंश भी निरंतर यात्रा में लीन रहते हुए मस्तिष्क में जमा हो जाते हैं।
दरअसल, सपने आंखें बंद होने पर खुलने वाली एक ऐसी दुनिया है, जिसे किसी ने देखा नहीं, बल्कि चेतन मन में सिर्फ महसूस किया है। जागी हुई हालत में हम जो देखते हैं, सुनते हैं, सोचते हैं या किसी कार्य को अधूरा छोड़ देते हैं, वही रात में अपने रूप बदलकर हमारी अचेतन अवस्था में सपने बुनने लगता है।
इस दौर में हमारा मन कई उड़ान भरता है, जैसे कि कभी हम किसी के साथ खुशी के पल जी रहे हैं, कभी किसी से उलझ रहे हैं या कभी बचपन के आंगन में पहुंच कर भूली-बिसरी स्मृतियों में सजीव हो जाते हैं। दिन में समाज से, रिश्तों से, खुद से समझौता कर लेने के बाद जब रात में शरीर नींद में लीन होता है, हमारा संवेदनशील मन ईमानदार हो, तो बीते पलों की आहट सुनते हुए दिन में दबी इच्छा रात में चित्र का आकार ले लेती है।
इसका सिरा अतीत का कोई संदर्भ भी हो सकता है। पूर्व राष्ट्रपति कलाम युवा पीढ़ी को उत्साहित करते हुए कहा करते थे कि ‘रात के सपने नींद की हालत में बिस्तर पर भले आते हों, लेकिन नींद से बाहर जागी हुई स्थिति में वैचारिक सपने उस युवक को सोने नहीं देते,जिसने अपने भविष्य निर्माण का दृढ़ संकल्प लिया है।
मनोविज्ञान के जनक सिगमंड फ्रायड का कथन है कि ‘सपनों की व्याख्या ही अचेतन मन को समझने का मार्ग है।’ वे मानते थे कि सपनों की नगरी में हमारी सुषुप्त या दमित इच्छाओं का भेष बदलकर किया गया प्रदर्शन व्यक्ति का चिंतन प्रतिबिंब है। अध्ययन बताते हैं कि स्वप्न और कल्पना में आंतरिक समन्वय की कड़ी बेहद प्रभावशाली है और दोनों एक दूसरे के पूरक हैं।
सपनों की सूक्ष्म तरंग को लोकहित के लिए आविष्कारों की जननी कहा जा सकता है। व्यक्ति भी इसी प्रक्रिया पथ पर चलकर भविष्य में उद्यमी, विद्यार्थी, डाक्टर, अभियंता, शिक्षक, प्रशासक या वैज्ञानिक बनने का सपना देखता है। कोई युवा कलाकार या खिलाड़ी बनने का सपना देखता है, क्योंकि स्वप्न उसके भीतर भविष्य का एक मानचित्र रेखांकित करते हुए उसे वर्तमान में परिश्रम करने की प्रेरणा भी देता है। निश्चय ही सपने कल्पना को विस्तारित भूमि प्रदान करते हैं। इस दौर में सपने व्यक्ति को असफलता के बाद भी प्रयास जारी रखने के साहस सूत्र से युक्त रखते हैं।
कभी-कभी दिवास्वप्न की स्थिति के शिकार व्यक्ति धरातलीय मूल्यों और श्रम से अलग होकर आत्ममुदित रहते हैं। ऐसे में उन्हें मनोवांछित सफलता ग्रहण करने में फिसलन मिलती है और वे व्यामोह की व्यापक विडंबना में वह सब कुछ खो देते हैं, जिसकी उम्मीद वे बनाए रहते हैं। इसलिए जरूरी है कि व्यक्ति को सपने के साथ धैर्य और असफलता को स्वीकार करने की क्षमता तथा मर्म को पहचानना चाहिए।
नींद के दौरान आने वाले भयावह सपने या बार-बार आने वाले दुस्वप्न व्यक्ति की नींद और मानसिक शांति को प्रभावित कर सकते हैं। अगर ऐसे अनुभव लगातार हों और दैनिक जीवन पर नकारात्मक असर डालें, तो चिकित्सक की सलाह लेना भी उचित है। सपना और संकल्प भी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, लेकिन दोनों समान नहीं हैं। सपना बताता है कि हमें कहां पहुंचना है, जबकि संकल्प बताता है कि वहां पहुंचने के लिए हमें क्या क्या यत्न करना चाहिए।
युवा अवस्था सपने देखने की सबसे सुंदर अवस्था है, जिनके पास ऊर्जा, कल्पना और परिवर्तन की अधिक क्षमता होती है। मगर आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया की चमक-दमक ने कई बार सफलता की एक अवास्तविक तस्वीर भी खींच दी है। दूसरों की उपलब्धियों से अपनी तुलना करने के बजाय युवाओं को अपने सामर्थ्य और रुचि के अनुसार लक्षित सपने देखने चाहिए।
यह समझने की जरूरत है कि सफलता अचानक नहीं मिलती। उसके पीछे वर्षों का अनुशासन, संघर्ष, असफलता और निरंतर सीखना आवश्यक है। बड़े सपने देखना चाहिए, लेकिन छोटे-छोटे कदमों से उसे पूरा करना ही सपने का सम्मान है।
सपनों का संसार मनुष्य की चेतना का अत्यंत सुंदर और रहस्यमय संसार है। सपने ही वह पहली चिंगारी हैं, जिससे उपलब्धि की अग्नि प्रज्वलित की जा सकती है, लेकिन केवल सपने देखने से जीवन का पूरा निर्माण नहीं होता, बल्कि सुनहरे सपनों को संकल्प, संकल्प को योजना और योजना को कर्म में बदलने से ही कुछ सार्थक हासिल होता है।
वास्तव में मनुष्य की महानता इस बात में नहीं है कि वह कितने बड़े सपने देखता है, बल्कि इसमें है कि वह अपने सपनों को जीवन पथ पर आरूढ़ करने के लिए कितनी ईमानदारी, धैर्य और निरंतरता से परिश्रम करता है।
इसलिए सपने देखना बंद न हो, बल्कि ऐसे सपने से साक्षात्कार हो, जो हमें बेहतर मनुष्य बनाएं, हमारे परिवार और समाज के लिए उपयोगी बनाते हुए देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा दे। कल्पना के सांचे में ढाले गए सपने भविष्य की सिर्फ पारदर्शी छवि नहीं हैं, बल्कि वे सुंदर भविष्य के निर्माण का शीतल सूर्योदय है।
यह भी पढ़ें: सच्ची खुशी क्या है? मन की शांति और खुश रहने के सरल उपाय | दुनिया मेरे आगे
खुशी एक बाहरी पुरस्कार नहीं, बल्कि भीतर उत्पन्न होने वाली अनुभूति है। हम अक्सर खुश होने को किसी विशेष उपलब्धि, चाह, वस्तु या परिस्थिति से जोड़ देते हैं। मगर वास्तविक अनुभव यह बताता है कि वे सारी चीजें अस्थायी संतोष देती हैं। उनके साथ अपेक्षाएं और चिंताएं भी जुड़ी होती हैं। जब अपेक्षाएं पूरी नहीं होतीं, तो वह सुख शीघ्र ही खो जाता है। सच्ची खुशी वह होती है, जिसे हम किसी बाहरी कारण के बिना भी महसूस कर सकें। वह हमारे भीतर की गहराई में मौन होती है। इसे महसूस करना एक कला है, जिसका अभ्यास जीवन के छोटे-छोटे क्षणों में संतोष और पूर्णता लाता है। पढ़िए पूरी खबर…
