कोई भी त्योहार उत्साह, प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश देता है। भारत में सभी धर्मों के उत्सवों का सम्मान करने की परंपरा रही है। साथ ही इस बात का खयाल रखने पर भी जोर दिया जाता रहा है कि खुशियों की अभिव्यक्ति में पर्यावरण को नुकसान न हो।

ऐसे में अभिनेत्री दीया मिर्जा के पर्यावरण अनुकूल दिवाली मनाने के वीडियो संदेश को सांप्रदायिकता से जोड़कर नाहक ही विवाद खड़ा करने के प्रयासों को किसी भी सूरत में उचित नहीं ठहराया जा सकता। पर्यावरण संरक्षण किसी धर्म, जाति या समुदाय का विषय नहीं, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है।

वैसे भी दीया मिर्जा का यह संदेश बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अभियान का हिस्सा था, जिसे बाद में राजनीतिक दबाव के कारण हटा दिया गया। मगर बंबई उच्च न्यायालय ने इस वीडियो संदेश को न केवल फिर से जारी करने का निर्देश दिया, बल्कि इस विवाद पर गंभीर चिंता भी जाहिर की।

दरअसल, यह विवाद सार्वजनिक बहस के उस रूप को दर्शाता है, जहां हर चीज को उसके मूल उद्देश्य के बजाय धर्म और राजनीतिक नफा-नुकसान के तराजू में तौला जाता है। बड़ा प्रश्न यह है कि क्या प्रदूषण केवल किसी एक समुदाय को प्रभावित करता है?

क्या स्वच्छ हवा का भी कोई धर्म होता है? इस मामले में अदालत का हस्तक्षेप केवल एक वीडियो संदेश की बहाली नहीं, बल्कि सार्वजनिक विवेक की पुनर्स्थापना का प्रयास भी है। राजनेताओं और धार्मिक संगठनों को यह समझना होगा कि हर मुद्दे को सांस्कृतिक संघर्ष में बदल देना सियासी लाभ का आसान रास्ता भले लगे, लेकिन वास्तव में इससे सामाजिक विश्वास और सद्भाव ही कमजोर होता है।

दिवाली के दौरान पटाखों के अत्यधिक इस्तेमाल से वायु और ध्वनि प्रदूषण की समस्या गंभीर हो जाती है और इस मसले पर सर्वोच्च न्यायालय की ओर से भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में पर्यावरण के प्रति सजगता और लोगों से जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील करना एक सकारात्मक पहल है। सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों का दायित्व है कि वे समाज में जागरूकता फैलाने वाले संदेशों को प्रोत्साहित करें, न कि उन्हें नाहक ही विवाद का विषय बनाएं।