राजनीति में विपक्ष और सत्ता की भाषा का फर्क नया नहीं है, पर दिल्ली में ऑनलाइन शराब बिक्री को बढ़ावा देने की तैयारी इस फर्क को थोड़ा ज्यादा साफ करती है। दिल्ली में तत्कालीन आम आदमी पार्टी सरकार की आबकारी नीति में वेबसाइट और ऐप के जरिए शराब की उपलब्धता का प्रावधान था। तब भाजपा ने इसे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा और भ्रष्टाचार का जरिया बताया था। सड़कों पर प्रदर्शन हुए, घोटाले के आरोप लगे और नीति को ‘पाप’ तक कहा गया।

आज खुद भाजपा सत्ता में है और वही व्यवस्था उसे सुविधाजनक लगने लगी है। अब सत्ता में आने के बाद भाजपा का तर्क है कि यह सिलसिला पिछली सरकार ने शुरू किया था। सवाल है कि जिस नीति पर भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और जिसे वापस लिया गया था, उसी से अब उसे इतना लगाव क्यों दिखने लगा है? पुरानी सरकार की किसी नीति को अगर अवांछित या गलत माना जाता है, तो उसे बदलने या रोकने की जिम्मेदारी नई सरकार की होती है। कोई नीति ‘पहले से लागू है’ जैसी दलील दरअसल जवाबदेही से पलायन है।

यह विरोधाभास दिल्ली तक सीमित नहीं है। पंजाब जैसे राज्य में नशे की समस्या राजनीतिक विमर्श का बड़ा विषय रही है। वहां नशे के खिलाफ अभियान और सरकारों की जवाबदेही पर जोर देने वाले दलों से यह अपेक्षा स्वाभाविक है कि वे शराब की उपलब्धता और उसके सामाजिक प्रभावों पर समान कसौटी अपनाएं। नशे के खिलाफ चिंता विपक्ष में रहते हुए ही नहीं, सत्ता में आने के बाद भी दिखनी चाहिए।

जिन राज्यों में भाजपा विपक्ष में है, वहां उसके नेता नशे के खिलाफ मोर्चा खोलते हैं और युवाओं को नशामुक्ति का पाठ पढ़ाते हैं। जहां सरकार अपनी है, वहां शराब की आसान उपलब्धता पर सवाल उठाने वाला कोई नहीं। फैसले सरकार के होते हैं, पर संगठन की चुप्पी बताती है कि सिद्धांत सुविधा देखकर तय होते हैं।

शराब की ऑनलाइन बिक्री से उपजी आशंकाएं काल्पनिक नहीं हैं। राजनीति में रुख बदलना नई बात नहीं, लेकिन इससे जनता का भरोसा कमजोर होता है। विपक्ष में रहते हुए नैतिकता को मुद्दा बनाना और सत्ता में आने पर राजस्व की दुहाई देना दरअसल कथनी और करनी के फर्क को ही दर्शाता है।