दिल्ली में एक अधिकारी की बेटी से बलात्कार और फिर उसकी हत्या की खबर ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था से लेकर आपराधिक विकृतियों में बढ़ोतरी को लेकर गहरी चिंता पैदा की है। राजधानी के एक संभ्रांत इलाके में बुधवार की सुबह पीड़िता के माता-पिता किसी काम से निकलते समय घर का ताला लगाने के बाद चाबियां बाहर एक निश्चित जगह पर रख कर चले गए थे, ताकि नया घरेलू सहायक आकर अपना काम निपटा सके।

मगर इस बात की जानकारी रखने वाला उनका पुराना घरेलू सहायक घर में घुस गया। आरोपी ने न केवल अधिकारी के घर में लूटपाट की, बल्कि उनकी बेटी की हत्या भी कर दी। अधिकारी ने किसी परिचित के कहने पर करीब साल भर पहले उसे काम पर रखा था। मगर आनलाइन गेम में जुए की लत और आसपास के कुछ अन्य लोगों से उधार लेने तथा फिर न लौटाने की शिकायतें मिलने पर डेढ़ महीने पहले उसे काम से निकाल दिया था।

हालांकि आरोपी की लत और स्वभाव की वजह से उसे निकालने के बावजूद थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए थी, मगर अधिकारी की सहजता की वजह से आरोपी को वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया।

यह सही है कि गलत प्रवृत्ति का शिकार होने की वजह से आरोपी आनलाइन गेम और जुए के जंजाल में उलझ गया था, मगर एक संभ्रांत इलाके में सुरक्षा की सभी दीवारों को पार कर और पुलिस की कार्रवाई से बेखौफ अगर उसने एक जघन्य अपराध किया, तो इससे उसके भीतर की आपराधिक मानसिकता और विकृतियों का भी पता चलता है।

एक समस्या यह भी है कि कई बार लोग घरेलू सहायकों को काम पर रखते समय उसके बारे में पर्याप्त जानकारी हासिल करने और पुलिस से उसका सत्यापन कराने के पहलू को टालते हैं। अपराधी मानसिकता के लोग इसी कोताही या फिर भरोसे का फायदा उठाते हैं। दरअसल, दिल्ली में जघन्य अपराध करने के आरोपी ने इससे पहले राजस्थान के अलवर जिले में भी एक विवाहिता से बलात्कार किया था। पीड़ित महिला ने थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी। अगर समय रहते पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की होती और उसे गिरफ्तार करती, तो वह दिल्ली की घटना को अंजाम नहीं दे पाता।

यह भी पढ़ें: ‘कर्ज का बोझ राहुल को अंदर से खा रहा था’, मां ने बताया IRS अधिकारी के घर वापस क्यों गया था?

राहुल मीणा की मां ने 21 अप्रैल को रात नौ बजे बेटे को शादी में जाने से पहले कुछ खाने के लिए कहा था। परिवार का दावा है कि मीणा को आखिरी बार इसी वक्त देखा था। अब मीणा पर दो महिलाओं के साथ रेप का आरोप है। इनमें से एक की हत्या का भी आरोप है। उसी रात करीब 11 बजे राजस्थान के अलवर के एक गांव में रहने वाला परिवार अपने घर के दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक सुनकर जाग उठा। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि राहुल मीणा ने उसकी पत्नी का रेप किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक