Green Crackers in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या हर साल सर्दी का मौसम आते ही गंभीर हो जाती है। दूषित हवा में सांस लेना स्थानीय लोगों की सेहत के जोखिम को बढ़ा देता है।
स्थिति से निपटने के लिए सरकार की ओर से कई तरह के प्रतिबंध लगाए जाने के साथ आपातकालीन उपाय भी किए जाते हैं, लेकिन इनका कोई प्रभावी नतीजा सामने नहीं आता है।
दशहरा और दीपावली के आसपास वायु गुणवत्ता का स्तर गिरने का एक बड़ा कारण पटाखों को भी माना जाता है और समाज का एक वर्ग इन पर प्रतिबंध लगाने की मांग लंबे समय से करता रहा है। सर्वोच्च न्यायालय भी इस समस्या को लेकर गंभीर है।
हालांकि, न्यायालय ने इस दफा शहर में लागू प्रतिबंधों में थोड़ी ढील देते हुए निर्धारित समय के लिए सिर्फ हरित पटाखे चलाने की सशर्त अनुमति दी है। इसके तहत दिल्ली-एनसीआर में 7 और 8 नवंबर को सुबह छह से सात बजे तथा रात आठ से दस बजे तक हरित पटाखे चलाए जा सकेंगे।
अब परीक्षा प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजंसियों की होगी कि वे इन शर्तों को कितने व्यावहारिक और प्रभावी तरीके से लागू कर पाते हैं। न्यायालय की ओर से हरित पटाखों की सशर्त अनुमति का उद्देश्य त्योहारों से जुड़ी लोगों की भावनाओं और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना हो सकता है।
मगर किसी भी फैसले की सफलता उसके क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। यदि निर्धारित समय के भीतर केवल प्रमाणित हरित पटाखे जलाने की अनुमति है, तो यह सुनिश्चित करना जरूरी होगा कि बाजार में बिकने वाले पटाखे वास्तव में तय मानकों के अनुरूप हों।
सामान्य पटाखों को हरित पटाखों के नाम पर बेचने और प्रतिबंधित पटाखों का इस्तेमाल करने की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सबसे बड़ी चुनौती शर्तों का पालन कराने की है। दिल्ली में दिवाली के दौरान व्यापक पैमाने पर पटाखे चलाए जाते हैं और ऐसे में हर गली, मोहल्ले और बाजार में निगरानी करना आसान नहीं होगा।
राजधानी में सोमवार सुबह स्थिति ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई, जब वायु गुणवत्ता सूचकांक 312 दर्ज किया गया। ऐसे में यदि स्थानीय प्रशासन के पास पर्याप्त कर्मचारी, जांच की व्यवस्था और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की स्पष्ट योजना नहीं होगी, तो अदालत की शर्तें कागजों तक ही सीमित रह सकती हैं।
हरित पटाखों को सामान्य पटाखों की तुलना में कम प्रदूषणकारी माना जाता है। इनके निर्माण में कुछ हानिकारक पदार्थों का इस्तेमाल कम किया जाता है, जिससे उत्सर्जन में कमी आ सकती है। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि हरित पटाखे पूरी तरह प्रदूषणमुक्त होते हैं।
इनके जलने से भी धुआं, सूक्ष्म कण और अन्य प्रदूषक निकलते हैं। दिल्ली जैसे महानगर में, जहां पहले से ही वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और आसपास के राज्यों में पराली जलाने से वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है, वहां पटाखों का अतिरिक्त धुआं स्थिति को और बिगाड़ सकता है।
हालांकि, यहां ‘चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना’ (ग्रैप) के तहत बीएस-6 मानक से कम वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, लेकिन दिवाली के मौके पर अगर बड़े स्तर पर पटाखे चलाए जाते हैं, तो दूसरे प्रतिबंध भी बेअसर ही साबित होंगे।
इसलिए जरूरी है कि प्रदूषण के सभी प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण हो और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि त्योहारों की खुशियां स्वास्थ्य की कीमत पर नहीं मनाई जा सकतीं।
यह भी पढ़ें: बारिश ने बिगाड़ा सियासी खेल, अब महाभियोग का सामना करे मौसम | विचार
इन दिनों भारतीय राजनीति में नेता कम, उनके अवतार ज्यादा दिखाई देते हैं। कोई जननायक है, कोई थलैवा, कोई संविधान का सबसे बड़ा रक्षक है, कोई लोकतंत्र का सबसे बड़ा और अंतिम प्रहरी। हर दल अपने नेता को इतिहास का निर्णायक पात्र और विरोधी को लोकतंत्र का सबसे बड़ा खतरा बताने में जुटा है। नतीजा यह कि राजनीति अब मुद्दों से कम और विशेषणों से ज्यादा चलने लगी है। पढ़िए पूरी खबर…
