Delhi Protest: किसी समस्या के व्यापक असर और संदर्भ के मद्देनजर आम जनता को सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने की जरूरत पड़ती है, तो यही अपने आप में सरकार की रीति-नीति पर एक सवालिया निशान है कि वह संवाद के सहारे समाधान का रास्ता तलाशने में नाकाम रही।

दूसरी ओर, सरकार के रुख को देखते हुए ऐसा लगता है कि उसने अपनी मांगों के साथ आंदोलन करने वाली जनता को ही प्रतिपक्ष मान लिया है और उसे रोकने के लिए हर संभव रास्ता अपना रही है।

गौरतलब है कि काकरोच जनता पार्टी यानी काजपा के दिल्ली के जंतर मंतर पर शनिवार को घोषित प्रदर्शन की वजह से शांति भंग की आशंका जताते हुए सरकार ने जो कदम उठाए हैं, उनसे यहां के आम जनजीवन के बाधित होने की स्थिति पैदा हो गई है।

विरोध प्रदर्शन को नियंत्रित करने के मकसद से शनिवार को दिल्ली में मेट्रो के सत्तावन स्टेशनों में प्रवेश और निकास द्वार को पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया गया है। साथ ही नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई गाड़ियों को भी रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा, राजधानी की सड़कों पर भी जगह-जगह अवरोधक लगाने और भारी संख्या में पुलिस तथा सुरक्षा बलों की तैनाती की खबरें भी आर्इं।

अंदाजा लगाया जा सकता है कि इतने व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बाद दिल्ली का जनजीवन किस स्तर तक प्रभावित होगा। यही वजह है कि इस मसले पर दायर याचिका की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई और कहा कि सब कुछ बंद नहीं कर सकते और नागरिकों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

अव्वल तो किसी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन को बाधित करने के बजाय लोगों को अपनी राय अभिव्यक्त करने का अवसर देना चाहिए। अगर सरकार को ऐसा लगता भी है कि प्रदर्शन की वजह से कोई अप्रिय स्थिति पैदा हो सकती है, तो बहुस्तरीय सख्ती की जगह उसे संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए और समाधान की गुंजाइश निकालनी चाहिए।

लोकतंत्र की यही खूबसूरती है कि उसमें जनता को सरकार की किसी कमी की शिकायत करने का अधिकार है और सत्ता इसका दमन नहीं करती है। विडंबना यह है कि काजपा के प्रदर्शन के आह्वान के बाद जिस तरह खासी संख्या में मेट्रो स्टेशनों को बंद करने, कई ट्रेनों को रद्द करने जैसे निर्देश जारी किए गए, उससे वास्तव में लोकतंत्र का जीवन ही बाधित होगा।

हैरानी की बात यह है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मसले पर उठे सवालों और विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों के बावजूद अब तक चुनाव आयोग की ओर से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं एसआइआर के खिलाफ शिकायतों का ठोस जवाब देने के बजाय सरकार प्रकारांतर से जनता के साथ आमने-सामने की मुद्रा में खड़ी दिख रही है।

यह साफ है कि केवल पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में रखने के एसआइआर के घोषित उद्देश्य के बरक्स देश के अलग-अलग राज्यों में लाखों योग्य मतदाताओं को भी सूची से बाहर होना पड़ा।

इसके अलावा, फार्म-6 से लेकर नाम हटाने के लिए कई स्तर पर हुई गड़बड़ियों की जैसी शिकायतें सामने आई हैं, अगर उनका कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो वे स्वतंत्र और स्वच्छ चुनाव को प्रभावित करेंगी। ऐसे में चुनाव आयोग से लेकर हर स्तर पर जवाबदेही तय करने की जरूरत है, न कि लोकतांत्रिक विरोध के स्वर को दबाने की।

यह भी पढ़ें: ‘और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा’, सोनम वांगचुक CJP के प्रदर्शन में शामिल क्यों नहीं हो रहे?

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध से पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बताया कि वह दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाएंगे। पढ़िए पूरी खबर…