दिल्ली के सीमापुरी इलाके में चारमंजिला इमारत ढहने की घटना को महज एक हादसा कहकर आगे बढ़ना आसान है, लेकिन सवाल यही है कि राजधानी में ऐसी दुर्घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं। सवाल इमारत ढहने का ही नहीं, तंत्र की नाकामी का भी है।
अगर किसी इमारत में दरारें दिख रही थीं, तो क्या किसी जिम्मेदार तंत्र की नजर उस पर नहीं थी? क्या राजधानी में जर्जर और जोखिम वाली इमारतों का कोई अभिलेख नहीं है? क्या लोगों की जान बचाने के लिए किसी इमारत के मलबे में बदलने का इंतजार जरूरी है? पिछले महीने सत्य निकेतन की घटना अभी भी लोगों की जेहन में ताजा है। वहां भी हादसे की जिम्मेदारी तय करने के आश्वासन मिले। मगर उन घटनाओं से व्यवस्था ने क्या सबक लिया?
विडंबना है कि हादसे के बाद व्यवस्था अचानक जागती है। मुआवजे की घोषणा होती है, जांच बैठती है, जिम्मेदारों पर कार्रवाई का भरोसा दिया जाता है और कुछ समय बाद सब सामान्य हो जाता है। किसी को चिंता नहीं सताती कि अगली इमारत कब गिरेगी और उसके नीचे कौन दबेगा।
सवाल यह कि आखिर जिम्मेदार कौन है? केवल भवन मालिक? अवैध निर्माण करने वाला? निर्माण की अनुमति देने वाला? निरीक्षण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी? या फिर वह पूरी प्रशासनिक व्यवस्था, जो खतरे को देखते हुए भी समय रहते निर्णायक कदम नहीं उठाती? जिम्मेदारी जितनी बंटी हुई दिखाई देती है, जवाबदेही उतनी ही गायब नजर आती है।
राजधानी में सुरक्षित आवास कोई विलासिता नहीं, नागरिक का बुनियादी अधिकार है। इसलिए जरूरी है कि जोखिम वाली इमारतों का नियमित संरचनात्मक सर्वेक्षण हो, उन्हें खाली कराने और सुरक्षित पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था बने और लापरवाही साबित होने पर जिम्मेदारी ऊपर तक तय हो। मुआवजा मृत लोगों को वापस नहीं ला सकता और जांच किसी परिवार की उजड़ी दुनिया फिर से नहीं बसा सकती।
दिल्ली को ऐसी व्यवस्था चाहिए जो मलबा हटाने में दक्ष होने से पहले किसी इमारत को ढहने से रोकने में सक्षम हो। वरना हर अगली ढहती इमारत यही गवाही देगी कि यहां मौत अचानक नहीं आती, व्यवस्था की लापरवाही ऐसी स्थिति को धीरे-धीरे तैयार करती है।
10 अक्टूबर के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट, 500 महिला पैरामिलिट्री जवानों की होगी तैनाती
10 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस को अतिरिक्त 450 से 500 महिला पैरामिलिट्री जवान उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन जवानों की तैनाती प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर।
