देश में हवाई यात्रा को सुगम बनाने के लिए विमान सेवाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है। मगर इसके साथ-साथ हाल के वर्षों में उड़ानों में सुरक्षा चूक और तकनीकी खराबी की घटनाएं भी चिंताजनक रूप से बढ़ी हैंं। ऐसा लगता है कि अब तक हुए छोटे-बड़े हादसों से कोई सबक नहीं लिया गया है।

दिल्ली हवाई अड्डे पर गुरुवार को दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस घटना ने एक बार फिर हवाई सफर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर क्या वजह है कि एक के बाद एक सुरक्षा चूक के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन व्यवस्था में सुधार के ठोस एवं कारगर प्रयास धरातल पर नजर नहीं आते हैं?

इस तरह की घटनाओं में विभागीय कार्रवाई संबंधित कर्मियों को निलंबित करने और जांच प्रक्रिया शुरू करने की औपचारिकता तक ही सीमित रह जाती है। चूक किस वजह से हुई और भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए, इसकी जानकारी शायद ही कभी सार्वजनिक हो पाती है।

दरअसल, देश में विमान सेवाओं का विस्तार तो हो रहा है, लेकिन इसके लिए जरूरी बुनियादी ढांचा उस गति से विकसित नहीं हो पाया है। यह बात भी छिपी नहीं है कि विमानों की संख्या के मुकाबले पायलटों, हवाई यातायात नियंत्रकों और इंजीनियरों की व्यवस्था का अभाव बना हुआ है। इसके अलावा, सुरक्षा सावधानियों की अनदेखी और पुराने उपकरणों का इस्तेमाल भी हादसों का कारण बनता है।

यह विचित्र है कि विमान संचालन के प्रशिक्षण के दौरान जिस तरह की बारीकियों को अनिवार्य माना जाता है, हवाई पट्टी पर उसे लेकर भी लापरवाही बरती गई। इससे स्पष्ट है कि जब हवाई अड्डे पर ही यात्रियों की जान जोखिम में पड़ जाती है, तो हवा में सफर के दौरान किस तरह के खतरे पैदा हो सकते हैं, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

हर हादसे की तरह इस मामले में भी एक वायु यातायात नियंत्रक और दो पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है, लेकिन सवाल है कि महज इस तरह की कार्रवाई से सुरक्षा चूक का स्थायी हल निकल पाएगा? जाहिर है जब तक समस्या की जड़ में जाकर उसे खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाएगा।

यह भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, दो विमानों के डैने आपस में टकराए

दिल्ली एयरपोर्ट पर बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट पर दो विमानों के डैने आपस में टकरा गए। इस हादसे में दोनों एयरलाइंस के प्लेन को क्षति पहुंची है लेकिन जानमाल की कोई हानि नहीं हुई है। अकासा एयर के प्रवक्ता के अनुसार, गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट QP 1406 को वापस बे पर लाना पड़ा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अकासा का विमान खड़ा हुआ था तभी एक अन्य एयरलाइन के विमान ने उससे टक्कर कर ली। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित उतार लिया गया है और हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक