बिहार के अररिया जिले में गुरुवार को मामूली कहासुनी के बाद सत्तू विक्रेता द्वारा चाकू से हमला कर एक वाहन चालक की हत्या कर देने और इसके उपरांत आक्रोशित भीड़ द्वारा आरोपी को पीट-पीटकर मार डालने की घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि व्यक्तिगत और सामाजिक स्तर पर हिंसक होती प्रवृत्ति को भी फिर से उजागर किया है।
आखिर क्या वजह है कि किसी मामूली बात पर व्यक्ति को जान से मार देने वालों के हाथ जरा भी नहीं कांपते और न ही उनके चेहरे पर कानून का कोई खौफ नजर आता है! अगर कोई अपराध करता है, तो उसे सजा देने के लिए कानून और न्यायिक प्रक्रिया मौजूद है, भीड़ को यह अधिकार किसने दिया है कि वह सरेआम किसी को पीट-पीटकर मार डाले। इसे अराजकता नहीं तो और क्या कहा जाएगा? इस तरह की घटनाओं से पता चलता है कि हमारे सामाजिक, नैतिक और मानवीय मूल्यों का क्षरण किस स्तर पर पहुंच गया है।
वाहन सत्तू बेचने वाले के ठेले के सामने खड़ा करने पर विवाद
देश भर में इस तरह की खबरें अक्सर आती रहती हैं कि किसी ने मामूली बात पर दूसरे व्यक्ति की हत्या कर दी। ऐसी घटनाओं पर गंभीरता से गौर किया जाए, तो यह बात निकलकर सामने आती है कि जिस विवाद पर किसी बड़े अपराध को अंजाम दिया गया, उसे धैर्यपूर्वक बातचीत से आसानी से सुलझाया जा सकता था। पुलिस के मुताबिक, अररिया की घटना के पीछे भी विवाद सिर्फ इतना था कि एक व्यक्ति ने अपना वाहन सत्तू बेचने वाले के ठेले के सामने खड़ा कर दिया था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और सत्तू विक्रेता ने वाहन चालक की हत्या कर उसका सिर काटकर अलग कर दिया। सवाल है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पहले बीच-बचाव क्यों नहीं किया और जब हत्या कर दी गई, तो वही भीड़ हिंसक कैसे हो गई? इसकी एक वजह सुरक्षा एजंसियों का लापरवाह रवैया भी है, जिस कारण समाज के एक वर्ग में कानून का कोई भय नहीं है। इस बात पर गौर किए जाने की जरूरत है कि किसी व्यक्ति के भीतर हिंसा और नफरत का भाव इतना गहरा होने का कारण क्या है और उसके स्रोत क्या हैं।
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन दोस्ती 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में बदली, निजी तस्वीरों और वीडियो के जरिए महिला को किया ब्लैकमेल, दो गिरफ्तार
बेंगलुरु पुलिस ने मंगलवार को दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने सोशल मीडिया पर एक महिला से पहले दोस्ती की और फिर धमकी देकर उससे सोने के गहने और नकद रकम हड़प लिए। महिला का आरोप था कि इन लोगों ने उससे 85.65 लाख रुपये के सोने के गहने और 20 लाख रुपये नकद ले लिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
