उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित एक पर्यटक रिजॉर्ट में काम करने वाली अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में भले ही तीन दोषियों को सजा सुनाई जा चुकी है, लेकिन इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठे सवाल अब भी बहस में हैं। सितंबर 2022 में अंकिता की हत्या के बाद रिजॉर्ट का एक हिस्सा ढहा दिया गया था। तब इससे साक्ष्यों को नष्ट करने को लेकर सवाल खड़े हुए थे। किसी भी संवेदनशील मामले में जांच की निष्पक्षता जितनी महत्त्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी उसका निष्पक्ष दिखाई देना भी है।

अब यही मामला एक और विरोधाभास के कारण बहस में है। कथित वीआईपी कोण की जांच की मांग कर रहे अंकिता के माता-पिता बुधवार को दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। मगर अगले दिन तड़के पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। सवाल है कि न्याय की गुहार लेकर राजधानी आए अंकिता के माता-पिता को हिरासत में लेने की जरूरत क्यों पड़ी? पीड़ित परिवार के सवालों का जवाब देने के बजाय उसे हटाने या चुप कराने की कार्रवाई व्यवस्था की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करती है।

इस प्रकरण का सबसे असहज पहलू यह है कि एक ओर परिवार पूरे मामले की सीबीआई जांच पूरी होने तक आरोपी व्यक्ति की संवैधानिक पद पर नियुक्ति रोकने की मांग कर रहा है, वहीं जांच की निष्पक्षता को लेकर भी संदेह व्यक्त किए जा रहे हैं। कानून का भरोसा तभी कायम होता है, जब प्रभावशाली और सामान्य नागरिक के लिए जांच के मानदंड समान हों। सीबीआई जांच की संस्तुति के बाद जरूरी है कि शुरुआती कार्रवाई से उपजे संदेहों और कथित वीआईपी कोण से जुड़े विश्वसनीय सवालों की पड़ताल साक्ष्यों के आधार पर हो। जांच एजेंसी को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रहकर निष्कर्ष देने चाहिए।

लचर कानून-व्यवस्था की वजह से अंकिता को अपराध का शिकार होने से बचाया नहीं जा सका, लेकिन उसके लिए हर स्तर पर न्याय सुनिश्चित करके सरकार यह दर्शा सकती है कि वह किसी आरोपी को बचाने की कोशिश नहीं कर रही। मगर जब पीड़ित परिवार को न्याय की मांग करते हुए देश की राजधानी में आना पड़े, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया जाए, तो इससे सरकार की संवेदनशीलता और मंशा पर सवाल जरूर उठते हैं।