स्वरांगी साने
हम अभूतपूर्व दौर में जी रहे हैं, कुछ लोग इसे कठिन समय भी कह रहे हैं। कई लोगों की जिंदगी, जीवनशैली और जीवनयापन के रास्ते अचानक बदल गए हैं। हजारों लोग बेरोजगार हो गए हैं और वैश्विक आपदा ने कई लोगों का जीवन तक लील लिया। ऐेसे दौर में अगर किसी ने खुद को अधिक चेतनामय, जीवंत नहीं रखा तो उसका अपने से एकरूप रह पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। हालांकि अभी भी बहुत कुछ ऐसा घटित हो सकता है, जिससे हम पूरी तरह अनजान हैं।
लेकिन इससे खौफ खाने के बजाय ध्यान रखने की जरूरत है कि अनजाना कुछ चमत्कारों से भरा भी हो सकता है और कहीं उससे हम केवल इस वजह से अनजान न रह जाएं कि हम पूरी तरह तैयार नहीं। हम अपने भीतर अपने लिए जैसा विश्व रच लेते हैं, वैसे ही वह हमको बाहर नजर आता है। अगर हमें पूरा यकीन हो जाएगा कि हमारी हर जरूरत पूरी हो सकती है, तो वह हो भी जाएगी।
जब हम भरोसा रखते हैं तो सकारात्मक दृष्टि से विचार करने लगते हैं। जब आश्वस्त हो जाते हैं कि हमें जो चाहिए, वह मिलेगा, तब उसे पाने के रास्ते खोजने लगते हैं, क्योंकि हमें इस पर विश्वास होता है कि वह मिलेगा। बस अपनी ओर से तैयारी पूरी करनी है। संघर्षों पर विराम लगाने का समय आ गया है। अब यह समय है कि हम चीजों को मुश्किल करने के बजाय उन्हें आसान बनाए।
अवसाद में जीने के बजाय, जीवन प्रवाह में बहने लगें। अवसर किसी भी क्षण द्वार खटखटा सकता है, इसलिए सतर्क-सजग रहना होगा। थोड़े सब्र की जरूरत है। अब तक जीवन में जो मिला, उसके प्रति आभार व्यक्त किया जाए। वर्तमान में जीना सीखना होगा। देखा जाए तो हमारे आसपास कितनी खुशियां बिखरी पड़ी हैं। खुशियां ढूंढ़ने लगेंगे तो हम अपने आप विश्व से संरेखण में आ जाएंगे। अपने हिस्से का काम किया जाए और शेष प्रकृति पर छोड़ दिया जाए।
जल्दी उठना, अपना समय अपने कार्य में अच्छी तरह से लगाना उसके लिए नव वर्ष के मौके पर संकल्प करने की जरूरत नहीं है। खुद से जुड़ जाएं इसी पल से। आभार व्यक्त करना सीखें, स्व-विकास की पुस्तकें पढ़ना शुरू करें, बेहतर स्वास्थ्य और अच्छी जिंदगी की ओर कदम बढ़ाएं। अपने वलय को सकारात्मक बना लिया जाए। हमारे मित्र-परिजन, घर-परिवार के लोग, नाते-रिश्तेदार, पुरखे हम पर गर्व कर सकें, ऐसे क्षण के लिए पहले अपने आप पर गर्व करना सीखना होगा। अपने भीतरी विकास पर जोर दें, क्योंकि हमारी दुनियावी सच्चाई बहुत कुछ इस पर निर्भर करती है कि हम अपने भीतर कितना सुकून और शांति महसूस करते हैं।
हम अभी जहां, जिस परिस्थिति में हैं, वह बेहतर है। हमें इससे बेहतर की ओर बढ़ना है। जब हम हर हाल में शांत महसूस करने लगेंगे तो अपने रिश्तों में भी शांति स्थापित कर पाएंगे। यहां तक कि अपने घर का माहौल भी अधिक सुखमय और संतुलित बना पाएंगे। हमें लगेगा कि ऐसा तो बहुत पहले भी हो सकता था। हो सकता था, अगर हम बहुत पहले ही अपने आपसे प्यार करने लगते और दूसरों के लिए कुछ सीमाएं तय कर देते। वर्तमान वक्त पिछले दिनों को देखने-परखने का एकदम सही मौका है।
अब हमारा काम यह है कि इस क्षण में जीना है। अपनी पीठ थपथपाकर हमने जो महसूस किया कि हम पर ईश्वर-अल्लाह, प्रकृति या कुदरत का हाथ है, उस नेमत को हमेशा अपने साथ पाते रहना है। इस खुशी को उन लोगों के साथ भी बांटना है, जिन्हें हम अपना करीबी मानते हैं। किसी दिन हम पाते हैं कि हमारे आभूषणों में कोई ऐसा जेवर भी है, जिस पर अब तक हमारी निगाह नहीं पड़ी थी, तो हम क्या करते हैं? उसे पहन कर देखते हैं और दूसरों को भी दिखाते हैं। उसे देख हमारी आंखें चौंधिया जाती हैं और देखने वालों की आंखों में भी हम उस चमक को देखते हैं! सच यह है कि कुदरत का उपहार हमारे पास हमेशा से था, उसे स्वीकार करने की जरूरत है।
जब पूरा विश्व नकारात्मक भावनाओं से अटा पड़ा है, हम जहां जाते हैं, वहां लोगों को उदास पाते हैं। उदासी से खुद को बचाए रखने के लिए नितांत जरूरी है कि हम अपने उपहारों की कीमत आंकने लगें। खुद के कुदरती जेवरातों को सुरक्षित रखें। थोड़ा संतुलित रहें, थोड़ा दिल से और थोड़ा दिमाग से काम करें। भावनाओं और तर्कों के मोती-मूंगों से जड़ित अपने कीमती जेवर को अपने गले में किसी तमगे की तरह पहनें। वह हमारे गले को खूबसूरती देगा, गोकि वह हमारे खूबसूरत गले के लिए ही बना है। नया साल तो आ गया, लेकिन कुदरत का हर पल एक आभूषण ही है।