scorecardresearch

जानिए कौन है विक्रम बराड़? जिसे बताया जा रहा सलमान खान को धमकी भरी चिट्ठी भेजने का मास्टरमाइंड

Vikram Brar: बॉलीवुड स्टार सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स की पहचान विक्रम बराड़ के रूप में हुई है। बराड़ के खिलाफ कई राज्यों में दो दर्जन से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

salman khan | salman khan salim khan death threat | salman khan | salim khan
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान। (Photo Credit – Facebook/@salmankhan)

बॉलीवुड स्टार सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स की पहचान विक्रम बराड़ के रूप में हुई है। विक्रम बराड़ को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया गया है। पुणे से गिरफ्तार हुए शार्प शूटर सौरभ महाकाल ने भी बिश्नोई गिरोह की ओर संकेत दिया था। विक्रम बराड़ मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।

कौन है विक्रम बराड़: विक्रम बराड़ का पूरा नाम विक्रमजीत बराड़ है, जो कि राजस्थान के हनुमानगढ़ का रहने वाला है; वर्तमान में वह विदेश में रह रहा है। बराड़ के खिलाफ कई राज्यों में दो दर्जन से आपराधिक मामले दर्ज हैं। विक्रम बराड़, राजस्थान का नामी गैंगस्टर है और वह मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल का करीबी रहा है। जब आनंदपाल मारा गया तो बराड़ के संबंध उसके भाई से हो गए। कुछ समय बाद उसका संपर्क बिश्नोई गिरोह के साथ हुआ और बताया जाता है कि लॉरेंस ही वह शख्स था, जिसने उसे विदेश भेजने का काम किया। इससे पहले बिश्नोई गिरोह ने गोल्डी बराड़ को कनाडा भागने में मदद की थी।

बिश्नोई गिरोह पर बना है संदेह: सलमान और सलीम खान को धमकी भरी चिट्ठी भेजने के मामले में मुंबई पुलिस को बिश्नोई गिरोह की संभावित संलिप्तता पर भी संदेह है। इसीलिए एहतियातन बांद्रा पश्चिम के गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। मुंबई पुलिस को संदेह है कि संभावित हमलावरों ने खान की गतिविधियों और उनके घर की रेकी की होगी। बता दें कि, साल 1998 में राजस्थान में काले हिरण के शिकार मामले में अभिनेता पर आरोप लगने के बाद बिश्नोई ने कुछ साल पहले सलमान खान को मारने की कसम खाई थी। एक बार उसने हत्या की साजिश भी रची थी, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया था।

धमकी मामले में गृह मंत्री ने लिया था संज्ञान: सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे-पाटिल ने गृह मंत्री को जानकारी दी थी। जिसके बाद राज्य के गृह मंत्री दिलीप वालसे-पाटिल ने भी संज्ञान लिया था। अब इस मामले में मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच गहनता से जांच कर रही है, जिसमें कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है। इसके अलावा, पुलिस टीम ने सलमान खान का भी बयान दर्ज किया है।

क्या है मामला: सलमान खान के 87 वर्षीय पिता सलीम खान रोज तय समय पर सुरक्षागार्ड्स के साथ सुबह सैर करने निकलते हैं। फिर वह आम तौर पर बांद्रा बैंडस्टैंड में जॉगिंग के बाद आराम करते हैं। पिछले रविवार को सैर के दौरान ही सलीम खान के सुरक्षा गार्डस को एक बेंच पर एक चिट्ठी मिली थी। जिसमें लिखा गया था कि तुम्हारा भी हाल मूसेवाला की तरह होगा। इसी चिट्ठी में नीचे ‘एलबी’ और ‘जीबी’ लिखा हुआ था।

एलबी और जीबी पर भी सस्पेंस: बांद्रा बैंडस्टैंड में धमकी भरी चिट्ठी के मामले में बांद्रा पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। धमकी भरी चिट्ठी में लिखे ‘एलबी’ से लॉरेंस बिश्नोई और ‘जीबी’ से गोल्डी बराड़ का संदर्भ निकाला गया था, लेकिन इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पढें जुर्म (Crimehindi News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 11-06-2022 at 12:14 IST
अपडेट