तारीख के हिसाब से 24 मई का दिन, पंजाब की राजनीति में सियासी पारा चढ़ा रहा। दरअसल, मामला ऐसा था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोप में अपने ही स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को राज्य मंत्रिमंडल से हटा दिया। सीएम मान ने यह एक्शन लिया ही था कि तुरंत बाद सिंगला को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया। आरोप था कि विजय सिंगला विभाग के अधिकारियों से हर ठेके पर एक पर्सेंट कमीशन मांग रहे थे। ऐसे में जान लेते हैं कि आखिर विजय सिंगला हैं कौन?
कौन है विजय सिंगला: पंजाब विधान सभा चुनावों में मनसा विधानसभा क्षेत्र से चुने गए विधायक हैं। सिंगला को चुनावों में करीब 1,00,023 वोट मिले थे, जो किसी भी उम्मीदवार द्वारा हासिल किए गए वोटों में सबसे ज्यादा हैं। विजय सिंगला ने इन चुनावों में मानसा से गायक सिद्धू मूसेवाला को 63,323 मतों के भारी अंतर से हराया था।
सिंगला पर क्या है आरोप: विजय सिंगला पर आरोप है कि वह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी सभी टेंडरों पर कथित तौर पर एक फीसदी कमीशन ले रहे थे। आप द्वारा पंजाब में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने का वादा करने के बाद यह एक बड़ा कदम उठाया गया है। ज्ञात हो कि साल 2015 में, केजरीवाल ने अपने खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री को रिश्वत मांगने का एक वीडियो दिखाए जाने के बाद बर्खास्त कर दिया था।
क्या बोले सीएम मान: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि “मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें कैबिनेट से भी हटा रहा हूं।” साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस को सिंगला के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। भगवंत मान ने कहा कि उन्हें मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार में शामिल होने के पुख्ता सबूत मिले हैं। उन्होंने कहा, मंत्री विजय सिंगला ने यह स्वीकार किया है कि उन्होंने कमीशन मांगा था।
सिंगला को मिले थे दो मंत्रालय: विजय सिंगला पेशे से दांतों के डॉक्टर (डेंटिस्ट) हैं, जो सिंगला शहर में एक चिकित्सालय चलाते हैं। सिंगला को कैबिनेट मंत्री के रूप में, पंजाब सरकार के दो विभागों का प्रभार दिया गया था; जिनमें स्वास्थ्य, परिवार कल्याण विभाग और चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान विभाग शामिल था। विजय सिंगला, 2022 पंजाब विधान सभा चुनाव में विधायक के रूप में चुने गए थे।
साल 2015 में किया था “आप” को ज्वाइन: विजय सिंगला साल 2015 में आप में शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्हें पंजाब व्यापार मंडल का महासचिव बनाया गया था। इसके अलावा वह रोटरी क्लब और एनवायरनमेंट सोसाइटी से जुड़े हुए हैं और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए पौधरोपण अभियान चलाते हैं।