उत्तर प्रदेश: रेप पीड़िता को दिनदहाड़े जबरन गाड़ी में खींच ले गए बदमाश, पुलिस महकमें में हड़कंप
रेप पीड़िता के अपहरण को 12 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है और पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में बदमाशों ने दिनदहाड़े रेप पीड़िता को किडनैप कर लिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त पीड़ित लड़की के माता-पिता खेत में काम कर रहे थे। लड़की उनसे थोड़ी ही दूर पर थी। सोमवार की दोपहर करीब 7 की संख्या में टवेरा गाड़ी से आए बदमाशों ने लड़की को दिनदहाड़े खींच कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। लड़की को बचाने के लिए उसके माता-पिता गाड़ी की तरफ लपके लेकिन बदमाश गाली-गलौज करते हुए लड़की को लेकर भाग गए।
इधर इस वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। दलबल के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने CCTV कैमरों को खंगाल कर आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की बात कही है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि अगवा करने वाले लोगों में एक महिला भी शामिल थी। पीड़ित लड़की के पिता ने बताया है कि इससे पहले 7 अक्टूबर 2019 को उनकी बेटी को कुछ बदमाश अगवा कर ले गए थे। इस संबंध में थाने में केस भी दर्ज करवाया गया था। हालांकि पुलिस ने उस वक्त किसी तरह लड़की को बरामद कर लिया था। बाद में लड़की के बयान पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इस मामले में कुलदीप लोधी, जयसिंह और मीना देवी आरोपी हैं।
परिवार वालों का यह भी आरोप है कि इन्हीं लोगों ने दोबारा उनकी बेटी का अपहरण किया है। हालांकि अभी पुलिस के आला अफसर इस सनसनीखेज मामले में कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। इलाके के लोग इस घटना को लेकर अपनी-अपनी तरफ से कयास लगा रहे हैं। रेप पीड़िता के अपहरण को 12 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है और पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। लड़की के परिजन पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।