इस मामले में पुलिस ने सोमवार को बताया कि रेप के आरोपी 28 साल के युवक को पुलिस ने बीते 7 जुलाई को गिरफ्तार किया था। यह भी जानकारी दी गई है कि सुसाइड के बाद लड़की के पास से जो सुसाइड नोट बरामद हुआ है उसके आधार पर आऱोपी के माता-पिता और उसके 3 भाइयों को भी आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पकड़ा गया है।
आपको बता दें कि जून के महीने में लड़की ने युवक के खिलाफ थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया था। केस दर्ज होने के बाद युवक को गिरफ्तार किया गया था। रविवार (12 जुलाई) को पुलिस को सूचना मिली की इस मामले में पीड़िता ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस ने बताया कि ‘सूचना मिलने के बाद हम लड़की के घर पहुंचे जहां से हमें सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें पीड़िता ने आरोपी के परिवार वालों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए लिखा कि वो मानसिक रूप से परेशान हो गई है और इसी वजह से वो यह कदम उठा रही है।’
लड़की ने यह भी बताया है कि वो एक दलित परिवार से ताल्लुक रखती है और आरोपी ने जबरन उससे संबंध बनाए। आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया था। इस दौरान वो गर्भवती भी हुई। लड़की का दावा है कि उसका गर्भपात भी कराया गया था।
लड़की ने अपने सुसाइड नोट में आरोपी के अलावा उसके माता पिता और तीन भाइयों का नाम लिया है। हालांकि इस मामले में शुरू में पुलिस पर यह आरोप लग रहे थे कि उसने लड़की की शिकायत पर केस दर्ज नहीं किया था।
इसपर सफाई देते हुए यहां पुलिस विभाग की तरफ से कहा गया है कि शुरू में लड़की ने कहा था कि लड़के के परिजन उनके रिलेशनशीप का विरोध कर रहे हैं। बाद में उसने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि लड़की की शिकायत पर 20 जून को केस दर्ज किया गया था और उनका बयान भी सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दर्ज किया गया था।
लड़की ने अपने बयान में कहा था कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था और बाद में मुकर गया था। महिला की शिकायत और अन्य सबूतों के आधार पर ही आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया था।