यूपी: BJP विधायक सुरेंद्र सिंह के बेटे पर गुंडागर्दी का आरोप, ट्रांसफर नहीं करने पर रेवेन्यू इंस्पेक्टर को पीटा
लड़की से रेप के दोषी भाजपा के ही एक पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के पक्ष में बयान देकर सुरेंद्र सिंह ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

बलिया से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक सुरेंद्र सिंह के बेटे पर गुंडागर्दी का आरोप लगा है। आरोप है कि भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के बेटे हजारी सिंह ने रेवेन्यू इंस्पेक्टर की पिटाई कर दी है। बताया जा रहा है कि विधायक के बेटे रेवेन्यू अधिकारी से इसलिए नाराज थे क्योंकि उन्होंने उनके कहने पर एक ऑफिसर का ट्रांसफऱ नहीं किया था।
पीड़ित अधिकारी का नाम राधेश्याम बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक विधायक के बेटे एक बूथ लेवल के ऑफिसर का ट्रांसफर कराना चाहते थे लेकिन राधेश्याम ने इससे इनकार कर दिया था।
घटना बुधवार की बताई जा रही है। इस दिन विधायक सुरेंद्र सिंह के बेटे हजारी सिंह अपने करीब दर्जन भर समर्थकों के साथ जमधारवा गांव पहुंचे थे। यहां आकर उन्होंने राधेश्याम से एक बूथ लेवल ऑफिसर के तत्काल ट्रांसफर करने की बात कही। राधेश्याम ने विधायक के बेटे की बात को मानने से इनकार कर दिया। इसी बात से खफा हजारी सिंह ने ऑफिसर की धुनाई कर दी और बेखौफ वहां से चले गए।
विधायक के बेटे की इस गुंडई से तहसील परिसर में अफरा तफरी मच गई। तहसील में तैनात अधिकारी आक्रोशित हो गए। गुस्साए कर्मचारी नजदीकी थाने में पहुंच गए और विधायक के बेटे पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग करने लगे। इस घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
इधर सुरेंद्र सिंह के बेटे हजारी सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार कर दिया है। उन्होंने उल्टे सरकारी कर्मचारी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनके साथ गलत व्यवहार किया और उनके एक समर्थक को धक्का भी दिया। उन्होंने कहा कि वो वहां सिर्फ अपने जान-पहचान वालों के समर्थन में गए थे।
आपको बता दें कि हजारी सिंह के पिता सुरेंद्र सिंह भी अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। लड़की से रेप के दोषी भाजपा के ही एक पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के पक्ष में बयान देकर सुरेंद्र सिंह ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। कुलदीप सिंह सेंगर अभी जेल में बंद हैं।
अभी हाल ही में यूपी के भदोही से भाजपा के विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी पर भी एक लड़की ने रेप का आरोप लगाया है और मामले में केस भी दर्ज किया गया है। इस केस के सामने आने के बाद भाजपा के पूर्व सांसद चिन्मयानंद पर भी लॉ की एक छात्रा ने रेप का आरोप लगाया था। हाल ही में चिन्मयानंद को इस मामले में जमानत मिली है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।