उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक पिता ने अपनी बेटी की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह फोन पर किसी लड़के से बातचीत किया करती थी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शुरू में यह एक हादसा लग रहा था लेकिन रविवार को सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 13 मार्च को घर में हुई कहा-सुनी के बाद अपनी बेटी पर हंसिया से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपनी बेटी को फोन पर किसी लड़के से बात करने के बारे में कई बार चेतावनी दी थी लेकिन जब वह नहीं मानी और उसने 13 मार्च को फिर उसे फोन पर बात करते देखा तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

इस बात से तिलमिला उठे पिता

आरोपी ने पुलिस को बताया कि गुस्से में मैंने उसे थप्पड़ मारा। जब उसने जवाब में अपना हाथ उठाया, तो मैंने अपना आपा खो दिया और कमरे में रखे हंसिया से उस पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने अपनी बेटी की गर्दन पर कई बार वार किए।

हमले के बाद आरोपी और उसकी पत्नी मिलकर बेटी को तुरंत एक अस्पताल ले गए और बाद में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरू में, परिवार ने दावा किया था कि बेटी गलती से फिसल गई थी और घर में रखे हँसिया पर गिर गई थी हालांकि घाव की प्रकृति को देखकर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पूछताछ में दादी ने बताया कि उनकी पौत्री की हत्या उसके पिता ने कर दी है। चौरीचौरा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंदिल्ली: ममेरे भाई की हत्या, पत्नी के साथ अवैध संबंध का था शक; आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के मुंडका थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक शख्स ने अपने मामा के बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कुंदन के रूप में की गई। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी के साथ कुंदन के संबंध हैं। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी 32 वर्षीय गोविंद को गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें…