Tiktok स्टार ने की खुदकुशी, 18 साल की लड़की के थे कई फॉलोअर्स; डिप्रेशन से थी परेशान
Tiktok Star Sandhya Chauhan Committed Suicide: इससे पहले 26 जून को एक और Tiktok स्टार सिया ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

Tiktok Star Sandhya Chauhan Committed Suicide: 18 साल की Tiktok स्टार संध्या चौहान ने खुदकुशी कर ली है। संध्या चौहान दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा बताई जा रही है। यह भी जानकारी सामने आई है कि संध्या पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में थी। ‘Times Of India’ की रिपोर्ट के मुताबिक संध्या चौहान की डेड बॉडी को सबसे पहले उनके चचेरी बहन ने देखा था। इसके बाद उन्होंने ही पुलिस और संध्या के परिजनों को इस बात की जानकारी दी।
इस बीच आननफानन में संध्या को SDS Global Hospital में एडमिट कराया गया था। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस को अब तक संध्या के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि संध्या चौहान Tiktok की बड़ी स्टार थीं और इस प्लेटफॉर्म पर उनके कई फॉलोअर्स थे जो उनके वीडियो काफी पसंद किया करते थे।
संध्या चौहान ने आत्महत्या क्यों की? इसे लेकर अभी कोई भी पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि संध्या चौहान पिछले करीब 2 महीने से डिप्रेशन में थीं और Tiktok पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद से परेशान थीं। हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने संध्या का फोन भी जब्त कर लिया है। पुलिस टिकटॉक स्टार के फोन की गहनता से पड़ताल कर रही है।
यहां आपको बता दें कि भारत सरकार ने हाल में टिक टॉक समेत चीन के 59 एप्स को भारत में बैन कर दिया है। भारत और चीन के बीच चल रही तनातनी को देखते हुए सरकार ने ये फैसला लिया है। इससे पहले 28 जून को हरियाणा के सोनीपत जिले से मशहूर Tiktok स्टार शिवानी खोबियान की लाश मिली थी। उनकी लाश उन्हीं के ब्यूटी पार्लर से मिली थी। हत्या का आऱोप आऱिफ नाम के एक शख्स पर लगा था जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया था।
इससे पहले 26 जून को एक और Tiktok स्टार सिया ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। फिलहाल दिल्ली पुलिस इनके केस की भी जांच कर रही है। इस सिलसिले में पुलिस लगातार सिया के रिश्तेदारों, परिचितों और स्कूल के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। इस बाबत सिया कक्कड़ के मैनेजर से भी पुलिस पूछताछ कर चुकी है। सिया को फोन भी जब्त कर लिया गया है। सिया भी डिप्रेशन का शिकार थीं।