लखनऊ में 27 साल के कैफे मालिक शिवा शर्मा की हत्या के मामले में बुधवार को लगातार पांचवें दिन आरोपियों की तलाश का अभियान जारी रहने के बीच मामले की मुख्य आरोपी और शर्मा के साथ लिव-इन में रही श्रद्धा दुबे के नाम पर रजिस्टर कार बहराइच जिले में नेपाल सीमा के पास खड़ी पाई गई। कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि आरोपी श्रद्धा दुबे को ई-रिक्शा पर नेपाल पर देखा गया है।

हालांकि इसके पहले श्रद्धा दुबे ने कथित तौर पर वीडियो शेयर कर दावा किया था कि वह बेकसूर है। उसका किसी नेता या बड़े व्यापारी से कोई संबंध नहीं है। वीडियो में उसने यह भी दावा किया है कि शिवा की मौत हत्या नहीं बल्कि सुसाइड है। उसने कहा है, “मैंने अपनी आंखों से उसे बालकनी से कूदते देखा है। वह 15-20 लाख के कर्ज में था और वह अक्सर सुसाइड की बात करता था।

श्रद्धा ने यह भी दावा किया है कि 7 की रात लगभग 2 बजे शिवा का फोन आया वह बहुत रो रहा था। हम दोनों पैडलर्स कैफे गए, उसने शराब पी रखी थी। उसके दोस्त अश्विनी मिश्रा, हर्ष भी घर आए थे, मेरी बहन का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है, उसे कुछ पता नहीं है।

नेपाल में दिखे आरोपी

इस बीच दूसरी तरफ नेपाल के महीम नगर से एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें श्रद्धा अपनी बहन रश्मि दुबे और दोस्त आदिल के साथ ई-रिक्शा पर बैठे हुए दिखाई दे रही है। पुलिस को शक है कि वो नेपाल होते हुए फरार हो गई है, इससे पहले भी श्रद्धा ने वीडियो जारी कर सरेंडर की बात कही थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक श्रद्धा दुबे के नाम पर रजिस्टर काले रंग की कार नेपाल सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर रुपईडीहा कस्बे में खड़ी पाई गई है। जांच से जुड़े एक पुलिसकर्मी ने बताया कि कार मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और एक अन्य आरोपी तनवीर अली उर्फ दानिश नेपाल भाग गए हैं। हालांकि, तीनों के नेपाल में प्रवेश करने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

श्रद्धा दुबे की जानकारी देने वालों को 25-25 हजार रुपये का इनाम

इस बीच लखनऊ पुलिस ने मामले में वांछित तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वालों को 25-25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उधर, श्रद्धा की सौतेली मां ने रायबरेली जिले के मलिक मऊ आयमा स्थित अपने पैतृक घर पर मीडिया से बातचीत में बताया कि श्रद्धा पिछले कई वर्षों से परिवार के संपर्क में नहीं थी और घर भी नहीं आती थी।

सोशल मीडिया पर आरोपी की कथित रिकॉर्डिंग वायरल

इसके अलावा श्रद्धा और शिवा के बीच फोन पर हुई कथित बातचीत की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें दोनों के बीच बहस होती सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। रिकॉर्डिंग में महिला कथित तौर पर शिवा के ज्यादा वक्त तक बाहर रहने पर नाराजगी जताते हुए एक शख्स को इसकी जानकारी देने की बात कहती सुनाई देती है, जिसे वह ‘सर’ कहकर संबोधित कर रही है। हालांकि पुलिस ने इस रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

शिवा शर्मा की गत नौ अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे संभावित दुर्घटना माना गया था, लेकिन परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवा के साथ मारपीट के बाद उसे इमारत से नीचे फेंका गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार परिजनों की शिकायत के आधार पर इस सिलसिले में हत्या का मामला दर्ज कर श्रद्धा, उसकी बहन, उनके ड्राइवर और दो अन्य लोगों को नामजद किया गया है, उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- मेरी बेटियों का ख्याल रखना… नीला ड्रम केस में फांसी की सजा सुनाए जाने पर रोने लगी मुस्कान, साहिल की भी आंखें हुईं नम

मेरठ में चर्चित सौरभ राजपूत की हत्या और ‘नीला ड्रम’ केस मामले में फांसी की सजा सुनाए जाने पर मुस्कान रोने लगी और उसके प्रेमी साहिल की भी आंखें नम हो गईं। फैसला सुनने के बाद मुस्कान मायूस हो गई और रोने लगी। उसने कोर्ट से अपनी दोनों बेटियों का ख्याल रखने की गुहार लगाई। और अधिक पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…