उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 28 साल के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नए खुलासे हुए हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट श्रद्धा दुबे के साथ उनके फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें दोनों के बीच सिगरेट, चोरी के आरोप और पार्टी में जाने को लेकर बहस सुनाई दे रही है। शिवा की मौत के बाद सामने आई इन रिकॉर्डिंग्स ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवा शर्मा लखनऊ में रेस्टोरेंट का कारोबार करते थे। 9 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई थी। बताया गया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे के फ्लैट की चौथी मंजिल से गिर गए थे, इस मामले में श्रद्धा पर हत्या का आरोप लगा है।
सामने आई एक रिकॉर्डिंग में श्रद्धा और शिवा के बीच सिगरेट लाने में देरी को लेकर बहस होती सुनाई देती है। श्रद्धा शिवा पर चोरी करने और उन्हें घर में बंद करके चले जाने का आरोप लगाती हैं। बातचीत के दौरान वह पुलिस में शिकायत करने की बात भी कहती हैं। वहीं, शिवा इन आरोपों से इनकार करते हुए कहते हैं कि उन्होंने श्रद्धा को बंद नहीं किया था, बल्कि वह अपने दोस्तों के साथ बैठे थे।
शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा पर लगाए गंभीर आरोप
एक दूसरी रिकॉर्डिंग में पार्टी को लेकर दोनों के बीच बहस सुनाई देती है। इसमें श्रद्धा फोन पर शिवा से कहती हैं कि अगर उन्हें पार्टी करनी है, तो वह जेल में पार्टी करेगा, यह बातचीत अब जांच का अहम हिस्सा बन गई है। शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि श्रद्धा उनके बेटे को अश्लील वीडियो वायरल करने और समाज में बदनाम करने की धमकी देती थीं। मां ने यह भी आरोप लगाया कि रिश्ते के दौरान शिवा के साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें चोरी के मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, शिवा और श्रद्धा की मुलाकात करीब 6 महीने पहले एक क्लब में हुई थी। दोनों पिछले चार महीने से श्रद्धा के फ्लैट में साथ रह रहे थे। मां का कहना है कि शादी की बात शुरू होने के बाद श्रद्धा का व्यवहार बदलने लगा था।
इस मामले में श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि, ड्राइवर दानिश, सहयोगी आदिल और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, श्रद्धा और उनकी बहन फिलहाल फरार हैं। लखनऊ पुलिस ने दोनों के बारे में जानकारी देने वालों के लिए 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। फिलहाल, श्रद्धा पर लगे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, शिवा की मौत के पीछे की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। प्यार था तो मारा क्यों… लखनऊ के पॉश इलाके के होटल में प्रेमी संग रुकी थी, बॉलकनी से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत- पूरी कहानी
