पांच ने नाबालिग को बनाया हवस का शिकार, वीडियो सोशल मीडिया पर डाला
बलात्कार के दौरान एक आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसे बाद में आरोपी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

पूर्वोत्तर राज्य असम में एक नाबालिग के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आयी है। बलात्कार के बाद आरोपियों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर भी कर दिया। जिसके आधार पर पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं 2 आरोपी अभी फरार हैं। खबर के अनुसार, घटना सेंट्रल असम के होजाई जिले की है। घटना एक माह पुरानी बतायी जा रही है। दरअसल एक 16 साल की नाबालिग लड़की अपने जीजा के साथ अपने किसी रिश्तेदार के यहां जा रही थी। जैसे ही दोनों अकाशीगंगा रिजर्व फॉरेस्ट के दिघालझारुनी गांव के नजदीक पहुंचे, तभी 5 लोगों ने लड़की को जबरदस्ती जंगल में ले गए और पीड़िता के साथ सामूहिक बलात्कार किया।
बलात्कार के दौरान एक आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसे बाद में आरोपी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट होते ही पुलिस हरकत में आ गई और पुलिस ने दिघालझारुनी गांव के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 2 अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के जीजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए नागांव सिविल अस्पताल भेजा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इसी साल जनवरी में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जिसमें एक नाबालिग लड़की के साथ 3 लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया था। यह घटना बिहार के कैमूर जिले में घटित हुई थी। सामूहिक बलात्कार की इस घटना को पीड़िता की विधवा मां के सामने ही अंजाम दिया गया। पीड़िता की मां ने बताया कि रात करीब 11 बजे तीन लोग उनके घर में घुसे और फिर उनकी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार किया। साथ ही इसके बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।