Ministry of Sports Action: केंद्रीय खेल मंत्रालय (Ministry of Sports) ने भारतीय कुश्ती संघ (Wrestling Federation of India) के सहायक सचिव विनोद तोमर (Assistant Secretary Vinod Tomar) को शनिवार शाम को सस्पेंड कर दिया है। अपने निलंबन के बाद विनोद तोमर ने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। विनोद तोमर ने WFI अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) के पक्ष में बयानबाजी की थी।
Wrestlers Protest के बाद खेल मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई
इससे पहले पहलवानों की मांग (Wrestlers Protest) पर जांच पूरी होने तक बृजभूषण शरण सिंह को अस्थायी तौर पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। यह फैसला खेल मंत्रालय और पहलवानों के बीच कल हुई बैठक का हिस्सा बताया जा रहा है। तोमर ने डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के साथ मिलकर काम किया और डब्ल्यूएफआई के दिन-प्रतिदिन के मामलों को देखा।
विनेश फोगाट ने बृजभूषण सिंह पर लगाए गंभीर आरोप
बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और कई अन्य पहलवानों ने 18 जनवरी को रेसलिंग फेडरेशन ऑफ द इंडिया (WFI) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। 28 वर्षीय फोगाट ने आरोप लगाया कि बृजभूषण शरण महिला पहलवानों को परेशान करते रहे हैं। विनेश ने यह भी कहा कि डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष, जो उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद भी हैं। उनके व्यवहार के कारण उन्होंने आत्महत्या के बारे में भी सोचा था।
बृजभूषण सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया
बृजभूषण शरण सिंह ने हालांकि, सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अगर कोई भी पहलवान आगे आए और विनेश के दावों की पुष्टि करे तो वह खुद को फांसी लगा लेंगे।
भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने शनिवार को अपने अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न सहित सभी आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि खेल निकाय में “मनमानेपन और कुप्रबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है”। महासंघ ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और उन्हें “दुर्भावनापूर्ण और निराधार” बताया था।
खेल मंत्री के आश्वासन के बाद खत्म हुआ था Wrestlers Protest, देखें वीडियो
20 जनवरी को पहलवानों ने विरोध-प्रदर्शन बंद कर दिया
सरकार से आश्वासन मिलने के बाद कि भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष और प्रबंधन के अन्य सदस्यों के खिलाफ उनकी शिकायतों को दूर किया जाएगा। भारतीय पहलवानों ने शुक्रवार देर रात, 20 जनवरी को अपना विरोध प्रदर्शन बंद कर दिया था। खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उनसे चार सप्ताह में जांच पूरी होने का भरोसा दिलाया था।