महाराष्ट्र: NCP की महिला कार्यकर्ता की मां और बेटे के सामने बीच सड़क गला रेतकर हत्या, हत्यारे फरार
कार में सवार रेखा के घरवालों ने बीच-बचाव कर विवाद को खत्म करने की कोशिश की लेकिन यह विवाद और बढ़ गया।

इधऱ महाराष्ट्र में Nationalist Congress Party (NCP) की महिला कार्यकर्ता की बीच सड़क पर गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला कार्यकर्ता की हत्या उनकी मां और बेटे के सामने की गई है। 39 साल की एनसीपी कार्यकर्ता की हत्या के बाद हत्यारे मौके से फरार भी हो गए। घटना के बारे में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक यह घटना महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले की है। यहां पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हत्या सोमवार की रात की गई है। मृतक एनसीपी वर्कर की पहचान रेखा भाऊसाहब जारे के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि रेखा अपनी मां, बेटे और एक दोस्त के साथ पुणे से अहमदनगर जा रही थीं।
पुलिस के मुताबिक जाटेगांव घाट पार्नेर के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उनकी कार को ओवरटेक किया। बता दें कि यह जगह मुंबई से करीब 230 किलोमीटर दूर है। इसके बाद मोटरसाइकिल सवारों ने रेखा की कार के आगे आपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर दी। इसके बाद रेखा अपनी कार से उतर गईं और इन दोनों लड़कों के साथ उनकी बहस शुरू हो गई। कार में सवार रेखा के घरवालों ने बीच-बचाव कर विवाद को खत्म करने की कोशिश की लेकिन यह विवाद और बढ़ गया। बहस के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अचानक एक चाकू निकाल लिया औऱ उसने उसी वक्त रेखा के गर्दन पर हमला कर दिया। गर्दन रेते जाने की वजह से रेखा वहीं गिर पड़ीं। खून से लथपथ रेखा को अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अब इस मामले में अहमदनगर के सुपा पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया गया है। रेखा Yashaswini Mahila Brigade की अध्यक्ष भी थीं। यह एक स्थानीय संस्था हैं जो महिलाओं के कल्याण के लिए काम करती है। इस मामले में पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या है? इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है और जल्दी ही आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।