Instagram से हुई दोस्ती, लड़की को ड्रग्स दे कर 7 लोगों ने कई महीनों तक किया रेप; 2 धराए
इस मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब लड़की ने अपनी एक रिश्तेदार को आपीबीती सुनाई।

केरल में 14 साल की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस छात्रा को ड्रग्स देकर 7 लोगों ने उनके साथ दुष्कर्म किया है। इस मामले में मालाप्पुरम जिले की पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मामले का मुख्य आरोपी भी अभी फरार बताया जा रहा है।
इस घटना के बारे में पुलिस ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया है कि लॉकडाउन के दौरान लड़की को मोबाइल फोन दिया गया था ताकि वो ऑनलाइन क्लास कर सके। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर लड़की की दोस्ती 30 साल के एक युवक से हुई। इंस्टाग्राम पर इन दोनों के बीच कई बार चैटिंग हुई। बताया जा रहा है कि युवक लड़की के घर गया था और उसने ही इस लड़की को ड्रग्स देना शुरू किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह युवक लड़की को ड्रग्स देता था और फिर धीरे-धीरे उसने लड़की को इसकी लत लगा दी। इसके बाद इस युवक ने नाबालिग लड़की का यौन शोषण शुरू कर दिया। इसके बाद युवक के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी लड़की का शोषण करने लगे। बताया जा रहा है कि लड़की अपनी मां औऱ छोटे भाई के साथ रहती है। युवक, लड़की को ड्रग्स दिया करते थे और फिर उसका शोषण करते थे।
इस मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब लड़की ने अपनी एक रिश्तेदार को आपीबीती सुनाई। लड़की की रिश्तेदार ने चाइल्डलाइन की मदद ली। पुलिस ने इस मामले में जिन 2 लोगों को पकड़ा है उनकी पहचान मोहम्मद आफ्ला और मोहम्मद रफीक के तौर पर हुई है।