कर्नाटक के धारवाड़ से सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, यहां 45 वर्षीय निश्चेतना विशेषज्ञ की उनके अपार्टमेंट में कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई जबकि हमले में उनका आठ साल का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उनकी पत्नी डॉ. प्रिया को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मरने वाले की पहचान डॉ. किरण होन्नानवर के रूप में हुई है जो एक निजी अस्पताल में काम करते थे और कर्नाटक यूनिवर्सिटी रोड पर स्थित रांका स्टेलो अपार्टमेंट्स में रहते थे।

खून से लथपथ मिले डॉक्टर-

पुलिस के अनुसार, बुधवार को होन्नानवर अपने बेडरूम में बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिले; उनकी गर्दन पर चाकू से घातक हमले के निशान थे। उन्होंने बताया कि होन्नानवर का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हालत में मिला; पुलिस को शक है कि बच्चे की जान लेने की कोशिश की गई थी। सूचना मिलने पर वहां पहुंची पुलिस ने बच्चे को बचाया और उसे अस्पताल पहुंचाया।

पीड़ित के परिवार वालों की शिकायत के आधार पर शुरुआती जांच से पता चलता है कि घटना घरेलू झगड़े से जुड़ी हो सकती है। पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने कहा कि वह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि असल में क्या हुआ था।

उन्होंने बताया कि होन्नानवर की पत्नी प्रिया एमबीबीएस डिग्री धारी डॉक्टर है और उसने मंगलवार शाम से अपने पति के मोबाइल पर रिश्तेदारों और दोस्तों की ओर से आ रही फोन कॉल का जवाब दिया था और होन्नावर कहां हैं, इस बारे में हर बार अलग-अलग बातें बताई थीं। आयुक्त ने पत्रकारों को बताया, ”यह घटना क्यों और किस वजह से हुई, इसका पता लगाना जरूरी है।

घर पर सिर्फ तीन लोग थे –

पति, पत्नी और बच्चा, बाहर से कोई नहीं आया था। हमें यह पता लगाना होगा कि असल में क्या हुआ था। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।” उन्होंने आगे बताया कि पत्नी गहरे सदमे में है और अलग अलग बयान दे रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के असली मकसद का पता जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस ने बताया कि बच्चा ऑटिस्टिक बताया जा रहा है और इस बात की पुष्टि की जानी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- मालिक का शव देख रात भर बेचैन रहा पालतू डॉगी

15 साल तक अपने मालिक प्रदीप जैन का साथ निभाने वाला पालतू कुत्ता डुग्गू, उनकी अंतिम यात्रा के दौरान ही दुनिया छोड़ गया और अधिक पढ़ें…