राजस्थान: मकान के लिए मां को किया बदनाम! गंदी तस्वीरें कर दिया वायरल, बेटा गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अपनी तकनीकी टीम की मदद भी ली। जल्दी ही पुलिस ने युवक द्वारा डिलीट किये गये सभी तस्वीरों को रिकवर कर लिया।

राजस्थान के कोटा से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक ने मकान हड़पने के लिए अपनी मां को ही बदनाम कर दिया। इस शख्स ने अपनी मां की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पीड़ित महिला ने इस मामले में अपने बेटे के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है।
घटना के बारे में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक इस युवक के पिता की मौत कुछ दिनों पहले हुई थी। कहा जा रहा है कि मरने से पहले लड़के के पिता ने अपनी सारी जायदाद अपने बेटे के नाम कर दी थी। लेकिन लड़के की मां का कहना था कि उनके बेटे ने झूठी वसीयत बनवाई है और संपत्ति पर कब्जा करना चाहता है। इस बात को लेकर मां-बेटे के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था।
‘न्यूज 18’ की खबर के मुताबिक मौका पाकर इस महिला के बेटे ने उनकी अश्लील तस्वीरें खींच ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। महिला को जब इस बात का पता चला तब हंगामा खड़ा हो गया।
महिला का कहना है कि इस बात का खुलासा होने के बाद उनके बेटे ने बड़ी चालाकी से सभी तस्वीरें सोशल मीडिया से डिलीट कर दी। महिला द्वारा थाने में केस दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अपनी तकनीकी टीम की मदद भी ली। जल्दी ही पुलिस ने युवक द्वारा डिलीट किये गये सभी तस्वीरों को रिकवर कर लिया। फोटो बरामद होने के बाद पुलिस ने महिला के आरोपी बेटे को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि महिला के दो बेटे हैं। इनमें से एक बेटा महिला से अलग रहता है जबकि आरोपी लड़का उनके साथ ही रहता था। यह लड़का किसी भी कीमत पर मकान को हथियाना चाहता था। इसी वजह से उसने अपनी मां को बदनाम करने की नियत से इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया है।