गुरुग्राम के फ्लैट में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी पत्नी मृत मिले हैं। शख्स का शव फंदे से लटका मिला, जबकि महिला मृत पाई गई, जिसके गले पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह गुरुग्राम के सेक्टर 68 की एक पॉश सोसाइटी में किराए के फ्लैट में 30 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वहीं उसकी 28 साल की पत्नी भी मृत पाई गईं, जिसके गले पर चोट के निशान थे।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद असलम के रूप में हुई है, वह एक इंजीनियर था और इंडोनेशिया की एक टेक्नोलॉजी कंपनी के लिए काम करता था। मोहम्मद असलम का ऑफिस सेक्टर 58 में है। वहीं उसकी पत्नी फरहाना एक गृहिणी थीं, मूल रूप से केरल के रहने वाले यह दंपति तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम आकर रहने लगे थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “शुरुआती जांच से पता चलता है कि शख्स ने अपनी पत्नी का गला रस्सी से घोंट दिया और फिर खुद आत्महत्या कर ली। उसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं, जिसका जिक्र उसने अपने ऑफिस को भेजे गए एक ईमेल में किया था।”

‘मैंने उसे कूदते देखा’, नेपाल बॉर्डर पर मिली शिवा शर्मा की लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे की कार, ई-रिक्शा पर भागती दिखी मॉडल

इस दुनिया में उसका आखिरी दिन है

पुलिस के मुताबिक, यह घटना तब सामने आई जब गुरुवार सुबह करीब 7 बजे असलम के सहकर्मियों को उससे एक ईमेल मिला। ईमेल में उसने लिखा था कि यह “इस दुनिया में उसका आखिरी दिन है” और उसने अपनी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी जिक्र किया था। ईमेल में असलम ने अपने पिता, दो रिश्तेदारों और मकान मालिक के इमरजेंसी नंबर के साथ उनसे अनुरोध किया था कि उन्हें इस बारे में सूचित कर दिया जाए।

मेल देखकर घबराए उसके साथियों ने कथित तौर पर उसमें दिए गए नंबरों से संपर्क करने की कोशिश की। इसके बाद मकान मालिक ने सुबह करीब 8 बजे बादशाहपुर पुलिस स्टेशन को सूचना दी। पुलिस की एक टीम सोसाइटी के मेंटेनेंस स्टाफ और असलम के साथियों के साथ ‘M3M द मरीना’ सोसाइटी की पहली मंजिल पर स्थित अपार्टमेंट में पहुंची और फ्लैट के अंदर गई।

पंखे से लटका मिला असलम का शव

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बेडरूम के अंदर असलम छत के पंखे से लटका हुआ मिला, जबकि फरहाना फर्श पर बेसुध पड़ी थी। जांचकर्ताओं को महिला के शव के पास से एक रस्सी मिली है, जिससे यह शक पैदा होता है कि जानलेवा हमले में इसका इस्तेमाल किया गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या गला घोंटने से पहले पीड़िता को ज़हर दिया गया था।

वरिष्ठ जांचकर्ताओं ने बताया कि घर से मोबाइल फोन और लैपटॉप ज़ब्त किए गए हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम शुक्रवार को होने की उम्मीद है। पुलिस ने बताया कि दंपति की कोई संतान नहीं थी और केरल में उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण और घटनाक्रम की पुष्टि हो सकेगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। एक अन्य अधिकारी ने बताया, “अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।”गरबा में अंडरकवर ड्यूटी करने वाली महिला अधिकारी को पहचान उजागर होने की क्यों नहीं है चिंता

डिस्क्लेमर: इस खबर में आत्महत्या का जिक्र है। अगर आप या आपका कोई जानने वाला तनाव, डिप्रेशन या सुसाइड के विचारों से जूझ रहा है तो अकेले न रहें। मदद लें और किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।आप इन हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं -KIRAN मेंटल हेल्थ हेल्पलाइन: 1800-599-0019 (24×7)
AASRA: 91-9820466726
iCall: 9152987821
Vandrevala Foundation: 1860-2662-345 / 1800-2333-330