गुजरात: दलित लड़की से छेड़खानी का विरोध करने पर पूरे परिवार को पीटा, पीड़िता और परिजनों पर केस भी दर्ज कराया; विधायक ने शेयर किया VIDEO
जिग्नेश मेवाणी का दावा है कि इस मामले में गुजरात पुलिस ने 23 साल की छेड़खानी पीड़िता और उसके परिवार के 5 सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इधर गुजरात के बनासकांठा में दलित लड़की से छेड़खानी का मामला सामने आय़ा है। यह भी आरोप है कि जब लड़की के परिजनों ने छेड़खानी का विरोध किया तब दबंगों ने लड़की और उसके पूरे परिवार वालों की पिटाई कर दी। इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि कुछ लोग हाथ में डंडा लेकर लड़की और उनके परिजनों की पिटाई कर रहे हैं। मारपीट की वजह से वहां से हंगामा मचा हुआ है।
इस वीडियो को वडगाम से विधायक जिग्नेश मेवाणी ने शेयर किया है और इस घटना को उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड से जोड़ते हुए लिखा है कि ‘गुजरात में पीडिता की पिटाई: पुलिस हाथरस में अब पीडीता को ही बदनाम करने पर तुली है। बिलकुल उसी तर्ज पर गुजरात के बनासकांठा जिले के दीओदर तहसील के रैया गांव में लडकी की छेडख़ानी करने के बाद उसके हाथ पैर तोड दिये ओर फिर कसूरवारों ने पीड़िता पर ही कर दिया FIR @dgpgujarat यह क्या है?’
बताया जाता है कि इस लड़की के साथ उसी के गांव के रहने वाले 6 लोगों ने छेड़खानी की। यह सभी लोग पटेल समुदाय से आते हैं। जब लड़की के परिजनों ने इनका विरोध किया तब करीब 25 लोगों ने लड़की और उसके परिजनों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
जिग्नेश मेवाणी का दावा है कि इस मामले में गुजरात पुलिस ने 23 साल की छेड़खानी पीड़िता और उसके परिवार के 5 सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मेवाणी के मुताबिक पुलिस का कहना है कि 28 सितंबर को इन लोगों का पटेल समुदाय के लोगों से झगड़ा हुआ था और इन्होंने समुदाय के लोगों के साथ मारपीट किया है।
इधर पीड़ित लड़की के भाई ने ‘Times Of India’ से बातचीत में कहा कि ’28 सितंबर को मेरी दो बहने अपने खेत की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पटेल समुदाय से ताल्लुक रखने वाले 6 लोगों ने उनसे छेड़खानी शुरू कर दी..जब लड़कियों ने इसका विरोध किया तब उनलोगों ने उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की और उनसे छेड़खानी की।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिलहाल लड़की और उसके परिवार के चार सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं दूसरी ओर जिन लोगों ने हमला किया था उसके परिवार के भी तीन लोग अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर लड़की और उसके परिवार के लोगों पर हमला करने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गुजरात में पीडिता की पिटाई:
पुलिस हाथरस में अब पीडीता को ही बदनाम करने पर तुली है। बिलकुल उसी तर्ज पर गुजरात के बनासकांठा जिले के दीओदर तहसील के रैया गांव में लडकी की छेडख़ानी करने के बाद उसके हाथ पैर तोड दिये ओर फिर कसूरवारों ने पीड़िता पर ही कर दिया FIR @dgpgujarat यह क्या है? pic.twitter.com/cIIIYOPULH— Jignesh Mevani (@jigneshmevani80) October 9, 2020
बनासकांठा के एसपी तरुन दुग्गल का कहना है कि दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जिसमें दलित परिवार के 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, जिसमें छेड़खानी का शिकार हुई लड़की के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है जबकि दूसरे पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है जिसमें 3 लोगों को फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।