बीमारी से परेशान महिला ने 13वीं मंजिल से लगाई छलांग, मॉर्निंग वॉक से लौट रहे बुजुर्ग पर जा गिरी, दोनों की मौत
ममता राठी नाम की यह महिला शुक्रवार (4 अक्टूबर) की सुबह फ्लैट की बालकनी से कूद गई। इस दौरान वह मॉर्निंग वॉक पर निकले 69 वर्षीय बालूभाई गामित पर जा गिरी।

गुजरात के अहमदाबाद में एक 30 वर्षीय महिला ने 13वीं मंजिल से कथित तौर पर सुसाइड करने के लिए छलांग लगा दी। इस दौरान वह मॉर्निंग वॉक कर रहे एक बुजुर्ग पर जा गिरी। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में पता चला है कि घटना के वक्त उसकी महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मृतक महिला, उसका पति और चार साल का बेटा दो दिन पहले ही इलाज के लिए सूरत से अहमदाबाद उसके भाई के घर आए थे।
पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक से लौट रहे थे बुजुर्गः ममता राठी नाम की यह महिला शुक्रवार (4 अक्टूबर) की सुबह फ्लैट की बालकनी से कूद गई। इस दौरान वह मॉर्निंग वॉक पर निकले 69 वर्षीय बालूभाई गामित पर जा गिरी। गामित इसी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर रहते थे और अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक कर लौट रहे थे।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कीः सोसायटी के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक गामित रिटायर्ड शिक्षक थे और परिष्कार रेसिडेंशियल सोसायटी में रहते थे।
बीमारी से परेशान थी ममताः मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ममता की 2011 में शादी हुई थी, उसके पति की सूरत में कपड़े की दुकान है। ममता लंबे समय से कई बीमारियों से पीड़ित थी। इलाज के बाद वह अपने भाई राजेंद्र भूतड़ा के 13वीं मंजिल स्थित फ्लैट पर गई थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ममता अपनी बीमारी से परेशान थी, वह पूरी रात सो नहीं पाई थी।