दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आया जसप्रीत सिंह, 26 जनवरी को लालकिले के गुंबज पर की थी चढ़ाई
आपको यहां याद दिला दें कि गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली के बाहरी इलाकों में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला था। बाद में कई जगहों पर प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ कर दिल्ली में घुस गए थे।

दिल्ली में 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के मौके पर हिंसा फैलाने वालों पर पुलिसिया कार्रवाई जारी है। अब पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की तरफ से दावा किया गया है कि गणतंत्र दिवस के दिन लाल किले के गुंबज पर चढ़ाई करने वाले आरोपी जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपको यहां याद दिला दें कि गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली के बाहरी इलाकों में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला था।
बाद में कई जगहों पर प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ कर दिल्ली में घुस गए थे। लाल किले के पास भी काफी प्रदर्शनकारी जमा हो गए थे। कुछ प्रदर्शनकारी लाल किले प्राचीर पर बने गुंबज पर चढ़ कर उत्पात मचाते नजर आए थे। बताया जा रहा है कि जसप्रीत सिंह भी इस गुंबज पर चढ़ा था, जिसकी पहचान करने के बाद अब पुलिस ने उसे पकड़ा है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबकि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जसप्रीत सिंह को पकड़ा है। जसप्रीत सिंह उर्फ सन्नी की उम्र 29 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जसप्रीत सिंह दिल्ली के ही स्वरूप नगर का रहने वाला है। पुलिस की तरफ से जो तस्वीर जारी की गई है उसमें दिख रहा है कि जसप्रीत सिंह लाल किला हिंसा के मुख्य आरोपितों में शामिल मनिंदर सिंह उर्फ मोनी के पीछे गुंबज पर खड़ा है।
पिछले महीने 26 जनवरी को कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने ट्रैक्टर रैली निकाली थी। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि पहले से तय मार्गों पर न जाकर कुछ लोग दिल्ली में घुस गए और कई इलाकों में जमकर तोड़फोड़ और हिंसा की। इस दौरान 350 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल भी हुए।
उपद्रव के दौरान कई लोग बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए लाल किले तक पहुंच गए और लाल किले पर चढ़कर एक धार्मिक झंडा भी फहराया गया। जब सुरक्षाकर्मियों ने उपद्रवियों को रोकने की कोशिश की तो उन पर हमला हुआ। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर मामले को क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया था। अब इस मामले में पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर उनपर कार्रवाई में जुटी हुई है।