Delhi Murder Case: श्रद्धा वालकर (Shraddha Walkar) मर्डर केस के बाद अब दिल्ली में एक और दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर को बेरहमी से मार डाला। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे पंजाब से गिरफ्तार किया है।
दिल्ली के तिलक नगर में मनप्रीत नामक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर (Live-in Partner) रेखा रानी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी को शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि वह पहले भी हत्या और अपहरण के मामलों में शामिल रह चुका है।
पटियाला के स्पेशल सीपी क्राइम रविंदर यादव के मुताबिक, “शुक्रवार (2 दिसंबर) को क्राइम ब्रांच की एक टीम ने दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट के संगम विहार अपार्टमेंट में रहने वाले 45 वर्षीय मनप्रीत सिंह को पटियाला के अलीपुर गांव से गिरफ्तार किया।” आरोपी रेखा रानी की हत्या के मामले में वांछित था। इस संबंध में 1 दिसंबर 2022 को थाना तिलक नगर में आईपीसी की धारा 302/201 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पंजाब के पटियाला में गिरफ्तार किया गया आरोपी: पुलिस के मुताबिक, आरोपी रेखा रानी की हत्या करने के बाद अपनी कार में पंजाब भाग गया। वह गिरफ्तारी से बच रहा था। तकनीकी निगरानी रखी गई और विशेष तकनीकी जांच की मदद से आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया गया और उसे पंजाब में ढूंढ लिया गया। आरोपी की कार को टोल नाके से ट्रैक किया गया और आरोपी को पंजाब में उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को सीआरपीसी की धारा 41.1 (D) के तहत गिरफ्तार किया गया है। वह पहले भी सात जघन्य मामलों में शामिल है जिनमें फिरौती के लिए अपहरण, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट आदि शामिल हैं।
DCP पश्चिम घनश्याम बंसल ने बताया, “1 दिसंबर की रात कॉल आई थी कि एक मकान में झगड़े के कारण एक 36 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई है। महिला की बेटी ने बताया कि मनप्रीत नाम का व्यक्ति महिला का दोस्त था। आपसी मतभेद में मनप्रीत ने महिला की हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है।”
डीसीपी वेस्ट ने बताया, “जांच से पता चला कि वह शादीशुदा है और पत्नी और बच्चों के साथ पश्चिम विहार में रहता है। वह इस महिला के साथ पिछले 5-6 साल से दोस्त था और अक्सर उससे मिलने जाता था। वे अक्सर झगड़ते थे। महिला के चेहरे और गर्दन पर किसी नुकीली चीज से चोट के निशान थे। हमें अपराध स्थल पर एक धारदार हथियार मिला है। मृतका और उसकी बेटी पिछले कुछ सालों से यहां किराए पर रह रहे थे। आरोपी अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही 6 मामले दर्ज हैं।”