दिल्ली: कमरे में मिली लड़की की लाश, पुलिस ने कहा- सुसाइड; परिजन बोले- साजिश है, FIR दर्ज नहीं कर रही थी पुलिस, जल्दबाजी में कराया अंतिम संस्कार
लड़की के परिजनों का दावा है कि कई बार थाने पर जाने के बावजूद पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही थी। लड़की के मामा का कहना है कि पुलिस ने जबरन लड़की का अंतिम संस्कार करा दिया।

17 साल की नाबालिग लड़की की कमरे में लाश मिलने के बाद अब लड़की के परिजनों ने साजिश की आशंका जताई है। दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में लड़की की लाश अपने नियोक्ता के कमरे में मिली थी। परिजनों का कहना है कि बेसुध होने से पहले लड़की ने अपने मामा को फोन कर कहा था कि जिनके यहां वो काम करती है वो चाहती हैं कि उनका ड्राइवर भी उसी के कमरे में सोए। हालांकि पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या की बात कही है।
शुक्रवार को लड़की के परिजनों और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों ने मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया था। इस दौरान कारवां मैगजीन के 24 साल के पत्रकार अहान जोशुहा पेनकर ने कहा था कि वो भी प्रदर्शनकारियों में शामिल थे और हिरासत में लेने के बाद एसीपी ने उनकी पिटाई थी।
लड़की के मामा ने ही लड़की का शव 4 अक्टूबर को कमरे में देखा था। उन्होंने मीडिया से कहा कि ‘लड़की ने मुझे बताया था कि उसकी नियोक्ता ने उससे जबरन कहा कि ड्राइवर उसके कमरे में ही सोएगा। मैंने उनसे कहा था कि वो वापस आ जाए…लेकिन उसने कहा था कि इस मामले को देख लेगी।’ उनका दावा है कि कुछ घंटों के बाद उन्हें फोन आया था कि लड़की ने आत्महत्या कर ली है।
लड़की के परिजनों का दावा है कि कई बार थाने पर जाने के बावजूद पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही थी। लड़की के मामा का कहना है कि पुलिस ने जबरन लड़की का अंतिम संस्कार करा दिया। इधर इस मामले में डीसीपी, (नॉर्थवेस्ट) विजयंथ आर्या लड़की के परिजनों के दावे से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि लड़की का अंतिम संस्कार परिवार वालों ने वजीरपुर में किया था। जांच के दौरान लड़की की मौत में किसी भी तरह की गड़बड़ी की बात सामने नहीं आई है।
डीसीपी ने कहा कि ‘लड़की 74 साल की एक विधवा महिला के यहां काम करती थी। लड़की ने चादर को फंदा बनाकर फांसी लगाई थी। सफरदरजंग अस्पताल के चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम 8 अक्टूबर को किया था। पोस्टमार्टम से पता चला था कि लड़की की मौत दम घुटने से हुई थी।