scorecardresearch

दिल्ली: बुजुर्ग की हत्या करने के आरोप में किशोर गिरफ्तार, कुत्ते के भौंकने से थी नाराजगी

पुलिस ने जांच में पाया कि मृतक अशोक कुमार का कुत्ता पहले भी आरोपी पर भौंक चुका था। इसलिए उसने गुस्से में आकर कुमार के कुत्ते को लोहे की रॉड से जमकर पीटा, जिसका अशोक ने विरोध किया था।

Delhi, Brutal Murder, Dwarka murder case, Dog Owner Murder
तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (Photo Credit – Indian Express)

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द्वारका से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किशोर को 85 साल के बुजुर्ग के साथ कथित तौर पर मारपीट और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना होली के दिन यानी 18 मार्च की है। इस मामले में एक 17 वर्षीय किशोर गिरफ्त में लिया गया है, जिसे मृतक के कुत्ते के भौंकने से नाराजगी थी।

पुलिस के मुताबिक, घटना दिल्ली के नजफगढ़ इलाके की है। होली को यह घटना घटी थी, इस मामले में किशोर पर आरोप है कि वह मृतक के कुत्ते के भौंकने से काफी नाराज था। जिसके चलते उसने लोहे की रॉड से कुत्ते को पीटा था। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अशोक कुमार ने कुत्ते की पिटाई के चलते किशोर का विरोध किया था।

अतिरिक्त डीसीपी (द्वारका) विक्रम सिंह ने कहा, घटना की शाम करीब साढ़े पांच बजे अशोक कुमार की पत्नी का फोन आया था। हमें हाथापाई की सूचना मिली और एक जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता मीना (65) ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक 17 वर्षीय किशोर उनके घर में घुस गया और उसके पति को लोहे की रॉड से जमकर पीटा।

घटना के बाद आनन-फानन में अशोक कुमार को राव तुला राम अस्पताल ले जाया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि अशोक कुमार का कुत्ता पहले भी आरोपी किशोर पर भौंक चुका था। इसलिए वह गुस्से में आकर पहले मृतक के घर गया और कुत्ते को रॉड से पीटना शुरू कर दिया। जब कुत्ते को बचाने के लिए अशोक कुमार ने बीच-बचाव किया तो किशोर ने उनके सिर पर भी रॉड से वार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के आरोपी किशोर को पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया था, जहां से उसे रिहा कर दिया था। हालांकि, जब दो दिन बाद अशोक कुमार ने अस्पताल में चोट के कारण दम तोड़ दिया तो मामले में पुलिस ने फिर से जांच की थी। इसके बाद मृतक की पत्नी मीना का बयान फिर से दर्ज कर किशोर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

पढें जुर्म (Crimehindi News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 24-03-2022 at 17:09 IST
अपडेट