जरायम की दुनिया में कई हत्यारे हुए लेकिन अमेरिका के कंसास में जन्मा डेनिस लिन रेडर अन्य सीरियल किलर से कुछ अलग था। इस किलर के शौक ने पहले उसे सनकी बनाया और फिर कातिल। डेनिस रेडर ने करीब 10 लोगों की हत्या की थी, जिसमें दो बच्चे भी शामिल थे। जिनकी उम्र 9 और 11 साल थी। एक सीरियल किलर बनने से पहले वह एक फौजी था।
अमेरिका के कंसास में 9 मार्च,1945 को जन्मा डेनिस लिन रेडर शुरू में सामान्य बच्चों जैसा ही था। लेकिन उसे अपने से छोटे बच्चों, जानवरों को तंग करने में मजा आता था। इसके लिए उसे कई बार दंडित भी किया गया था। फिर जब बड़ा हुआ तो वह शौकिया तौर पर आसपास के घरों में घुसकर महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुराने लगा।
डेनिस लिन रेडर ने स्कूलिंग पूरी की और फिर ग्रेजुएशन कर साल 1966 में डेनिस रेडर, अमरीकन एयर फोर्स का हिस्सा बन गया। डेनिस ने एयर फोर्स में लगभग चार साल सेवा दी, लेकिन जब उसने नौकरी छोड़ी तो कुछ सालों बाद उसने लोगों को मारना शुरू कर दिया। डेनिस ने जिन लोगों को मारा, उनमें से अधिकतर महिलाएं थी। डेनिस कत्ल के लिए धारदार चाकू, प्लास्टिक बैग व रस्सी का इस्तेमाल करता था। कुछ पीड़ितों का उसने गला भी घोंटा था।
डेनिस लिन रेडर ने साल 1974 से लेकर 1991 तक विचिटा और पार्क सिटी, कंसास में सीरियल किलिंग को अंजाम दिया। रेडर ने 15 जनवरी, 1974 को अपने पड़ोस में रहने वाले ओटेरो परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी थी। जिसमें दो बच्चे भी शामिल थे, जिनकी उम्र 9 और 11 साल थी। वह ऐसा सनकी हत्यारा था जो हत्या के बाद महिलाओं के अंडरगारमेंट्स पहनता था।
एक बार तो उसने तब हद कर दी थी, जिसमें उसने कई अखबारों को खत भेजा था। इनमें रेडर ने लिखा था कि अखबार में नाम/फोटो छपवाने के लिए उसे कितने कत्ल करने होंगे? इसके अलावा वह फ्लॉपी डिस्क के जरिए अपने अपराधों के बारे में भी पुलिस को जानकारी देता था। डेनिस लिन रेडर को लोग बी.टी.के. किलर (BTK) के नाम से भी जानते थे। बी.टी.के. का तात्पर्य ब्लाइंड, टार्चर, किल से था।
एक बार उसने एक हत्या से जुड़ी जानकारी फ्लॉपी डिस्क के जरिए स्थानीय समाचार पत्रों को भेजी थी। जिसे पुलिस को सौंपा गया तो एक क्लू मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने डेनिस को 25 फरवरी, 2005 को गिरफ्तार कर लिया था। इस सनकी सीरियल किलर को 10 लोगों की हत्याओं का दोषी पाया गया था। सीरियल किलर डेनिस को अलग-अलग मामलों में दस आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।