फिल्म ‘ABCD’ फेम अभिनेता किशोर शेट्टी ड्रग्स बेचने और सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार, CCB ने पकड़ा
पुलिस ने साफ किया है कि अब इनसे पूछताछ के जरिए मुंबई में इनके ड्रग्स कनेक्शन का पता लगाया जाएगा।

ड्रग्स केस में सेंट्रल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई जारी है। अब फिल्म ‘ABCD’ में काम कर चुके एक्टर किशोर शेट्टी को पकड़ा है। किशोर शेट्टी अभिनेता के अलावा डांसर और कोरियोग्राफर भी हैं। 30 साल के किशोर शेट्टी को मेंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तार किया है। किशोर के अलावा पुलिस ने 28 साल के अकील नौशील को भी पकड़ा है। इन दोनों पर Methylene Dioxymethamphetamine (एक प्रकार का प्रतिबंधित ड्रग्स) लेने का आरोप है।
यहां आपको बता दें किशोर अमन शेट्टी मशहूर डांस रियलिटी शो ‘Dance India Dance’ में बतौर प्रतिभागी शामिल हो चुके हैं। इसके अलावा वो बॉलीवुड फिल्म ‘ABCD: Any Body Can Dance’ में भी नजर आए थे। मेंगलुरु पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि किशोर और अकील मुंबई से ड्रग्स लाते थे और इसे कर्नाटक के मेंगलुरु शहर में बेचते थे।
शनिवार की सुबह सेंट्रल क्राइम ब्रांच की टीम ने इन दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक बाइक, मोबाइल फोन और MDMA बरामद किया है। अकील नौशील के बारे में बताया जा रहा है कि वो इससे पहले विदेश में सुरक्षा अफसर के तौर पर काम करता था। करीब एक साल पहले वो भारत वापस आया था और उसने मेंगलुरू में ड्रग्स बेचने की शुरुआत की थी। वो ड्रग्स की खेप बेंगलुरू और मुंबई से लाता था।
बताया जा रहा है कि यह दोनों पैसों के लिए ड्रग्स की खरीद-फरोख्त में शामिल थे और खुद भी ड्रग्स का सेवन करते थे। पुलिस ने साफ किया है कि अब इनसे पूछताछ के जरिए मुंबई में इनके ड्रग्स कनेक्शन का पता लगाया जाएगा। इस मामले में Narcotic Drugs and Psychotropic Substances (NDPS) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसी फिलहाल इस मामले में अभी आगे की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि हाल ही में सुशांत केस से जुड़े ड्रग्स मामले में जांच एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को एक और सफलता हाथ लगी है। एनसीबी मुंबई ने ड्रग्स पेडलर राहिल विश्राम नामक शख्स को एक किलो चरस के साथ हिरासत में लिया है। इस बात की जानकारी खुद एनसीबी के जोनल डायरेक्टर ने दी है।